चाकू की नोक पर ट्रक चालक और राहगीर से लूट, मामलें में फरार आरोपी गिरफ्तार
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में लूट की दो वारदातों का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह मोवा ओवरब्रिज के नीचे रात और सुबह के समय लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपियों ने ट्रक चालक और एक अन्य राहगीर से चाकू की नोक पर मोबाइल, चांदी का ब्रेसलेट, घड़ी, नकदी और बैग लूटे थे। पंडरी थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने योगेन्द्र चौहान उर्फ योगी, अमित बंजारे उर्फ लल्ला और आर्यन नाग को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, चांदी के दो ब्रेसलेट, एक घड़ी और बैग जब्त किया है।
पहली घटना: ट्रक चालक से चाकू की नोक पर लूट
प्रार्थी महेश लोधी, निवासी राजगढ़ (मध्यप्रदेश), ने पंडरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 25 अक्टूबर की रात अपने ट्रक को मोवा होण्डा शो-रूम के नीचे खड़ा कर केबिन में सो रहा था। तड़के करीब 4 बजे दो युवक केबिन का दरवाजा खोलकर अंदर घुस आए। एक युवक ने चाकू गले पर टिका दिया जबकि दूसरा ट्रक के अंदर रखे सामानों को खंगालने लगा। डर के मारे चालक ने खिड़की खोलकर बाहर छलांग लगा दी और किसी तरह जान बचाई। बाहर देखा तो एक तीसरा युवक स्कूटी पर बैठा इंतजार कर रहा था। जब वह कुछ देर बाद लौटा, तो ट्रक के केबिन से बैग, नकदी, मोबाइल फोन और दस्तावेज गायब थे। इस पर थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 289/25, धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
दूसरी घटना: राहगीर से लूटकर फरार
23 अक्टूबर की सुबह लगभग 5:30 बजे प्रकाश यादव, निवासी लोधीपारा पंडरी, अपने दोस्त चंद्रकुमार उर्फ पींटू ध्रुव के साथ चाय पीने जा रहा था। जब वे एचपी पेट्रोल पंप के पास मोवा ओवरब्रिज के नीचे पहुंचे, तभी काले रंग की एक एक्टिवा पर सवार तीन लुटेरे वहां पहुंचे। उन्होंने चाकू दिखाकर दोनों को धमकाया और उनका मोबाइल फोन, चांदी का ब्रेसलेट, घड़ी और नकदी लूट ली। इस वारदात पर थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 290/25, धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
संयुक्त टीम ने किया खुलासा
दोनों वारदातों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने एएसपी ग्रामीण कीर्तन राठौर, एएसपी क्राइम संदीप मित्तल, डीएसपी क्राइम संजय सिंह, सीएसपी सिविल लाइन रमाकांत साहू, थाना प्रभारी पंडरी निरीक्षक स्वराज त्रिपाठी और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट प्रभारी परेश कुमार पांडेय को जांच का जिम्मा सौंपा। पुलिस टीम ने दोनों घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। तकनीकी विश्लेषण और निगरानी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों से लूट के दो मोबाइल, दो चांदी के ब्रेसलेट, एक हाथ घड़ी और एक बैग बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
योगेन्द्र चौहान उर्फ योगी (22 वर्ष), निवासी गांधी नगर दुर्गा चौक, पहले भी मारपीट और एक्सीडेंट के मामलों में जेल जा चुका है।
अमित बंजारे उर्फ लल्ला (19 वर्ष), निवासी गांधी नगर दुर्गा चौक, पर पहले नकबजनी का अपराध दर्ज है।
आर्यन नाग (21 वर्ष), निवासी गांधी नगर हनुमान मंदिर के पास, पर मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है।
पुलिस ने बताया कि दोनों प्रकरणों में एक अन्य आरोपी सुमेंद्र साहू, निवासी प्रेम नगर मोवा, फरार था, जिसे 27 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस की आगे की कार्रवाई
रायपुर पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ दो से अधिक अपराध पंजीबद्ध होने पर उनके विरुद्ध गुंडा एक्ट और निगरानी बदमाश खोलने की कार्यवाही की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पंडरी की टीम उपनिरीक्षक कमल कुमार पटेल, सउनि राजेंद्र कुर्रे, तुकाराम साहू, आरक्षक समारू सिंह, संदीप सिंह, प्रमोद बेहरा, विजय बंजारे, कलेश्वर कश्यप, और धनेश्वर कुर्रे की अहम भूमिका रही। रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई से मोवा क्षेत्र में लूट की घटनाओं पर अंकुश लगा है और नागरिकों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।