रायपुर: कभी घर में आने वाले बिजली बिल की चिंता करने वाले कई परिवार अब खुद बिजली बनाने वाले ऊर्जादाता बन रहे हैं। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने लोगों को केवल बिजली बचाने का रास्ता नहीं दिखाया, बल्कि उन्हें ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी दिया है। घरों की खाली छतें अब छोटे-छोटे पावर प्लांट में बदल रही हैं, जहां सूरज की रोशनी से बिजली तैयार हो रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार तेजी से आगे बढ़ा रही है। नतीजा यह है कि अगस्त 2026 तक प्रदेश के करीब 95 हजार घरों की छतों पर सोलर पैनल लग चुके हैं। इन घरों में सौर ऊर्जा से बिजली की जरूरत पूरी हो रही है। कई परिवारों का बिजली बिल शून्य तक पहुंच गया है।
बिजली उपभोक्ता से बिजली उत्पादक बनने की पहल
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य देशभर में घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम को बढ़ावा देना है। इसके तहत लोग अपने घर पर सोलर पैनल लगाकर खुद बिजली तैयार कर सकते हैं और अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजने की सुविधा भी मिल सकती है। इससे बिजली खर्च कम करने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।
छत्तीसगढ़ जैसे धूप की अच्छी उपलब्धता वाले राज्य में यह योजना लोगों के लिए नई उम्मीद बनकर सामने आ रही है। गांव से लेकर शहर तक कई परिवार अब सौर ऊर्जा को अपनाकर हर महीने के बिजली खर्च में राहत महसूस कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में डबल फायदा
छत्तीसगढ़ में योजना को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार के साथ राज्य सरकार की ओर से भी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। पात्र उपभोक्ताओं को सोलर प्लांट लगाने के लिए सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है, जिससे शुरुआती खर्च का बोझ कम हो रहा है।
1 किलोवॉट से लेकर बड़े क्षमता वाले सोलर प्लांट लगाने वाले उपभोक्ताओं को आर्थिक सहायता मिलती है। इससे आम परिवारों के लिए सौर ऊर्जा अपनाना पहले की तुलना में आसान हुआ है।
घर की छत बनी कमाई और बचत का माध्यम
पहले जहां घर की छत सिर्फ धूप और बारिश से बचाव का साधन थी, वहीं अब वही छत परिवार की आर्थिक मदद कर रही है। सोलर पैनल लगने के बाद दिन के समय घर की बिजली जरूरतें पूरी होती हैं और बिजली बिल में कमी आती है।
कई उपभोक्ताओं का अनुभव है कि शुरुआत में निवेश करने के बाद लंबे समय तक इसका लाभ मिलता है। आने वाले वर्षों में बिजली खर्च में होने वाली बचत परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में मदद करती है।
ग्रामीण इलाकों में बढ़ रही सौर ऊर्जा की पहुंच
छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में भी सौर ऊर्जा को लेकर जागरूकता बढ़ रही है। रायगढ़ जिले में पीएम सूर्यघर योजना के तहत सोलर मॉडल विलेज विकसित करने की दिशा में पहल की गई है, जिससे गांवों में सामुदायिक भागीदारी के साथ सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है।
ग्रामीण परिवारों के लिए यह योजना बिजली बचत के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग का रास्ता खोल रही है। इससे गांवों में ऊर्जा के नए विकल्प तैयार हो रहे हैं।
पर्यावरण संरक्षण में भी बड़ी भूमिका
सौर ऊर्जा सिर्फ आर्थिक लाभ नहीं देती, बल्कि पर्यावरण के लिए भी महत्वपूर्ण है। पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होने से प्रदूषण घटाने में मदद मिलती है। छत्तीसगढ़ जैसे वन और प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य में स्वच्छ ऊर्जा का विस्तार भविष्य के लिए बेहद जरूरी माना जा रहा है।
बदल रही है सोच, बन रहा है नया ऊर्जा मॉडल
पीएम सूर्यघर योजना ने लोगों की सोच बदलने का काम किया है। अब बिजली को केवल खरीदने वाली वस्तु के रूप में नहीं देखा जा रहा, बल्कि लोग खुद बिजली बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में यह बदलाव एक नई ऊर्जा क्रांति की शुरुआत जैसा है। आने वाले समय में ज्यादा से ज्यादा घरों की छतों पर सोलर पैनल नजर आ सकते हैं, जहां उपभोक्ता सिर्फ बिजली इस्तेमाल करने वाले नहीं बल्कि ऊर्जा उत्पादन में भागीदार होंगे।
केंद्र और राज्य सरकार दे रही हजारों रुपये की सब्सिडी
योजना के तहत एक किलोवाट सोलर पैनल पर 30,000 रुपये केंद्र सरकार और 15,000 रुपये राज्य सरकार की सब्सिडी,दो किलोवाट पर 60,000 रुपये केंद्र और 30,000 रुपये राज्य सब्सिडी और तीन किलोवाट पर 78,000 रुपये केंद्र और 30,000 रुपये राज्य सब्सिडी दी जा रही है।
सोलर प्लांट से न केवल घरेलू बिजली जरूरतें पूरी हो रही हैं, बल्कि अतिरिक्त उत्पादन से उपभोक्ता “ऊर्जादाता” भी बन सकते हैं। पंजीयन के लिए उपभोक्ता ऑनलाइन पोर्टल https://pmsuryaghar.gov.in, पीएम सूर्यघर मोबाइल एप, सीएसपीडीसीएल की वेबसाइट या टोल फ्री नंबर 1912 का उपयोग कर सकते हैं।
छत्तीसगढ़ ने रखा 5 लाख घरों का लक्ष्य
छत्तीसगढ़ सरकार ने मार्च 2027 तक 5 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य तय किया है। योजना के माध्यम से प्रदेश में 4,000 मेगावाट ग्रीन एनर्जी उत्पादन का लक्ष्य भी रखा गया है। सरकार की योजना यहीं तक सीमित नहीं है। वर्ष 2030 तक हर ब्लॉक में कम से कम 1,000 सोलर छतें, हर गांव में कम से कम एक सामुदायिक सोलर यूनिट और छत्तीसगढ़ को ऊर्जा निर्यातक राज्य के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सोलर पैनल निर्माण इकाइयों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
लोगों ने बताया फायदा
कृष्णा सिंह को मिली बिजली बिल में राहत
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम लोगों को बिजली बिल के बोझ से राहत दिला रही है, साथ ही स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभा रही है। बलरामपुर के विकासखण्ड राजपुर के ग्राम झिंगो निवासी कृष्णा सिंह ने भी अपने घर पर 3 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाया जिससे उन्हें बिजली बिल में राहत मिली है।
कृष्णा सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने घर की छत को ऊर्जा उत्पादन का माध्यम बनाने का निर्णय लिया। उनके घर की छत पर स्थापित 03 किलोवाट सोलर रूफटॉप सिस्टम दैनिक बिजली आवश्यकताओं को पूरा कर रहा है। वे बताते हैं कि प्रतिमाह पर्याप्त बिजली उत्पादन हो रहा है, जिससे उनका बिजली बिल कम हुआ है। सोलर प्लांट की स्थापना से वे परोक्ष रूप से कार्बन उत्सर्जन को कम करने में भी योगदान दे रहे हैं।
फ्लोरेंस बनीं प्रेरणादायक उदाहरण
कोरबा शहर के उदयनगर, पोड़ीबहार निवासी सेवानिवृत्त बालकों कर्मचारी फ्लोरेंस तिर्की ने सेवानिवृत्ति के बाद अपने नए घर का निर्माण कराया। इसी दौरान उन्हें प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत मिलने वाले लाभ और बिजली बिल में बचत की संभावना को देखते हुए उन्होंने बिना विलंब किए पिछले वर्ष अपने घर की छत पर 10 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराया।
तिर्की ने बताया कि उनके घर में बिजली की खपत अपेक्षाकृत अधिक थी। साथ ही वे अपने बगीचे की सिंचाई के लिए मोटर का नियमित उपयोग करती हैं। इन्हीं आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने 10 किलोवाट क्षमता का सोलर संयंत्र लगवाया। संयंत्र स्थापित होने के बाद से उनका बिजली बिल शून्य हो गया है, जिससे उन्हें हर माह उल्लेखनीय आर्थिक राहत मिल रही है। उन्होंने बताया कि पहले अधिक खपत के कारण बिजली बिल काफी आता था, लेकिन अब न केवल बिजली का खर्च समाप्त हो गया है, बल्कि अतिरिक्त विद्युत उत्पादन से भविष्य में अतिरिक्त आय की भी संभावना बनी है।
उन्होंने कहा कि पीएम सूर्यघर योजना आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी पहल है। यह योजना बिजली बिल से राहत देने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और आर्थिक बचत सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम बन रही है। उन्होंने अधिक से अधिक नागरिकों से इस योजना का लाभ लेने की अपील की।
खैरागढ़ में पीएम सूर्यघर योजना से बदली सतेंद्र कुमार की जिंदगी
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण परिवारों के लिए आर्थिक राहत का बड़ा माध्यम बन रही है। इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण ग्राम बेन्द्रिडीह के निवासी सतेंद्र कुमार हैं, जिन्होंने योजना का लाभ लेकर अपने घर की छत पर सोलर पैनल स्थापित कराया और अब लगातार चार माह से उनका बिजली बिल शून्य आ रहा है।
सतेंद्र कुमार ने बताया कि योजना का लाभ लेने से पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल औसतन 1500 रुपये तक आता था। गर्मी के मौसम में कूलर, पंखे और अन्य विद्युत उपकरणों के अधिक उपयोग के कारण बिजली खर्च और बढ़ जाता था। इससे परिवार के मासिक बजट पर अतिरिक्त भार पड़ता था। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत सोलर पैनल स्थापित होने के बाद अब उन्हें बिजली बिल की चिंता से पूरी तरह राहत मिल गई है।
सोलर संयंत्र से प्राप्त परिणाम भी उत्साहजनक रहे हैं। बीते माह उनके घर में कुल 478 यूनिट बिजली का उत्पादन हुआ, जिसमें से 376 यूनिट अतिरिक्त बिजली ग्रिड को भेजी गई। सोलर पैनलों द्वारा घरेलू जरूरत की पूरी बिजली उपलब्ध होने के साथ अतिरिक्त उत्पादन का लाभ नेट मीटरिंग व्यवस्था के माध्यम से मिला, जिससे उनका बिजली बिल शून्य हो गया।
सतेंद्र कुमार ने बताया कि सोलर पैनल लगने के बाद परिवार को प्रतिमाह उल्लेखनीय आर्थिक बचत हो रही है। बचत की इस राशि का उपयोग अब वे परिवार की अन्य आवश्यकताओं और भविष्य की योजनाओं में कर पा रहे हैं। उन्होंने अन्य ग्रामीणों से भी प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का लाभ लेने की अपील की है।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा को बढ़ावा देना है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को सोलर पैनल स्थापना के लिए अनुदान प्रदान किया जाता है, जिससे बिजली खर्च में कमी आती है और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।
सतेंद्र कुमार की सफलता से प्रेरित होकर ग्राम बेन्द्रिडीह सहित आसपास के क्षेत्रों के अनेक ग्रामीण अब अपने घरों में सोलर पैनल लगाने के लिए रुचि दिखा रहे हैं। यह योजना न केवल बिजली बिल में राहत दे रही है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
राहूद के जयलाल वर्मा ने अपनाई सौर ऊर्जा
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिले के ग्राम राहूद निवासी जयलाल वर्मा ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कर स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में प्रेरणादायक कदम उठाया है। जयलाल वर्मा क्षेत्र के उन जागरूक उपभोक्ताओं में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने शासन की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ लेकर बिजली बचत और पर्यावरण संरक्षण दोनों को अपनाया है।
जयलाल वर्मा के घर की मासिक बिजली खपत लगभग 400 यूनिट है। 3 किलोवाट सोलर प्लांट स्थापित होने के बाद अब उन्हें योजना के तहत 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ मिलेगा। इससे उनके मासिक बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आएगी और भविष्य में आर्थिक बचत भी सुनिश्चित होगी।
इस सोलर रूफटॉप सिस्टम की स्थापना पर शासन की ओर से उन्हें ₹1,08,000 की सब्सिडी स्वीकृत हुई है, जिससे प्लांट लगाने की लागत काफी कम हो गई है। इससे आम उपभोक्ताओं के लिए भी सौर ऊर्जा अपनाना आसान और किफायती बन रहा है।
जयलाल वर्मा ने बताया कि योजना की पूरी प्रक्रिया सरल और पारदर्शी रही। उन्होंने कहा कि सोलर सिस्टम लगने के बाद वे गांव के अन्य लोगों को भी प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। बिजली विभाग (CSPDCL) द्वारा नेट-मीटरिंग प्रक्रिया पूर्ण होते ही उन्हें मुफ्त बिजली का सीधा लाभ मिलना प्रारंभ हो जाएगा। सौर ऊर्जा अपनाकर जयलाल वर्मा ने न केवल अपने परिवार के लिए आर्थिक राहत का मार्ग प्रशस्त किया है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
बलरामपुर में पीएम सूर्यघर योजना से सरोज को मिली राहत
विकासखंड राजपुर के ग्राम पंचायत नवकी के निवासी सरोज सिंह नेताम पूरे गांव के लिए प्रेरणा बने हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत अपने घर में 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कर अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ आर्थिक बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल की है।
नेताम का परिवार पहले बिजली बिल की समस्या से परेशान था। गर्मियों के दिनों में बिजली कटौती के कारण दैनिक जीवन प्रभावित होता था, पंखा, कूलर जैसी अन्य जरूरी उपकरणों का उपयोग सीमित हो जाता था। साथ ही हर महीने आने वाला बिजली बिल परिवार के बजट पर अतिरिक्त बोझ बनता था। ऐसे में सौर ऊर्जा की ओर कदम बढ़ाना उनके जीवन में कारगर सिद्ध हो रही हैं।
सरोज बताते हैं कि उन्हें प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के बारे में जानकारी स्थानीय स्तर पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से मिली। योजना के तहत मिलने वाले अनुदान और सरल प्रक्रिया ने उन्हें इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन किया और कुछ ही समय में उनके घर की छत पर 3 किलोवाट का सोलर पैनल स्थापित हो गया।
सोलर पैनल लगने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव दिखाई देने लगा है। उनके बिजली बिल में कमी आई है, जिससे हर महीने बचत हो रही है और सरोज बचत से अपने परिवार की अन्य आवश्यकताओं और बच्चों की शिक्षा पर खर्च कर पा रहे हैं। इसके साथ ही श्री नेताम पीएम सूर्यघर योजना का लाभ लेने अन्य लोगों को भी प्रेरित कर जानकारी दे रहे हैं कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सौर ऊर्जा एक स्वच्छ और अक्षय ऊर्जा स्रोत है, जिससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आती है और प्रकृति पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इस प्रकार वे न केवल अपने परिवार बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक बेहतर वातावरण बनाने में योगदान दे रहे हैं।