Raipur. रायपुर। अखिल भारतीय सतनामी महासभा के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नई दिल्ली में रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल से भेंट कर राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में में महासभा के भवन हेतु जमीन आवंटन के लिए मांग पत्र सौंपा। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजमहंत दसेराम खाण्डे के नेतृत्व में पहुँचे प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि, महासभा के नेतृत्व में संपूर्ण भारतवर्ष में सतनाम पंथ एवं समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक तथा जनकल्याणकारी गतिविधियों का संचालन निरंतर किया जाता है। देशभर से समाज के प्रतिनिधियों एवं सामाजिक गतिविधियों के सुचारू संचालन हेतु देश की राजधानी नई दिल्ली में महासभा के एक भवन/कार्यालय की नितांत आवश्यकता महसूस की जा रही है। जिसके लिए सांसद बृजमोहन अग्रवाल से नई दिल्ली में 10,000 वर्गफीट भूमि आवंटन कराने का आग्रह किया है। प्रतिनिधिमंडल की मांग पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि देश की राजधानी समाज का भवन होना अत्यंत आवश्यक और सामयिक है।
इसके लिए मैं स्वयं केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा संबंधित सक्षम प्राधिकारियों से चर्चा कर भूमि आवंटन हेतु हरसंभव ठोस पहल करूँगा। उन्होंने कहा कि, "परमपूज्य बाबा गुरु घासीदास जी का 'मनखे-मनखे एक समान' का अमर संदेश संपूर्ण विश्व और मानवता का मार्गदर्शक है। सतनामी समाज की आस्था और गौरव से मेरा जुड़ाव केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि आत्मिक और पारिवारिक है। छत्तीसगढ़ में मंत्री रहते हुए गिरौदपुरी धाम में विश्व के सबसे ऊँचे जैतखाम का निर्माण और पंथी नृत्य को वैश्विक पहचान दिलाने में सहभागी बनने का अवसर मिलना मेरे जीवन का परम सौभाग्य रहा है और अब दिल्ली में समाज के भवन आवंटन के लिए पूरा प्रयास करूंगा। प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजमहंत दसेराम खाण्डे के साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजमहंत राजेश्वर भार्गव, राजमहंत सुन्दर समा बंजारे, राजमहंत सी. आर. टंडन, राष्ट्रीय महासचिव राजमहंत प्यारेलाल कोसिरिया, राष्ट्रीय सचिव राजमहंत जे. पी. कोसले, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजमहंत लालचंद मोहले, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राजमहंत पी. के. घृतलहरे तथा राष्ट्रीय महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. कुन्ती जांगड़े सहित महासभा के पदाधिकारी एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे।