Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रतनपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम भरारी के पास बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अंधेरे में सड़क पर खड़े ट्रक से बाइक टकराने के कारण एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक के पिछले हिस्से में लगा लोहे का एंगल भी मुड़ गया। घटना के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक क्रमांक सीजी 10 सीबी 8460 पर सवार होकर रतनपुर की ओर से बिलासपुर आ रहे थे। बुधवार शाम करीब सात बजे ग्राम भरारी के पास मुख्य मार्ग पर अंधेरे में एक ट्रक खड़ा था। घटनास्थल पर नेशनल हाईवे की बैरिकेडिंग लगी हुई थी और वहां एक कर्मचारी भी मौजूद बताया गया है। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पर सवार दोनों युवकों ने एक भारी वाहन और सड़क पर खड़े ट्रक के बीच से निकलने का प्रयास किया। इस दौरान बाइक सीधे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों की सहायता से घायल युवक को रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर स्थित सिम्स रेफर कर दिया गया। घायल युवक की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान मुंगेली जिले के ग्राम ढोटमा निवासी विकास साहू पिता बैसाखू साहू के रूप में हुई। वहीं, देर रात मृतक की पहचान बिलासपुर के सिरगिट्टी निवासी आकाश साहू के रूप में की गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है।
इस हादसे ने एक बार फिर जिले के फोरलेन और नेशनल हाईवे पर खड़े भारी वाहनों से उत्पन्न होने वाले खतरों को सामने ला दिया है। रात के समय बिना इंडिकेटर और पार्किंग लाइट के सड़क पर खड़े ट्रक, बस और हाइवा दुर्घटनाओं की वजह बन रहे हैं। अंधेरे में वाहन चालकों को खड़े भारी वाहन समय रहते दिखाई नहीं देते, जिससे टक्कर होने का खतरा बढ़ जाता है। हाईवे किनारे संचालित होटल और ढाबों के आसपास रात के समय बड़ी संख्या में भारी वाहन खड़े रहते हैं। इनमें से कई वाहनों की पार्किंग लाइट बंद रहती है और रेडियम संकेत भी नहीं होते हैं। ऐसी परिस्थितियों में बाइक सवारों और अन्य वाहन चालकों के लिए सुरक्षित आवागमन चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे-130 पर पिछले 329 दिनों में सड़क हादसों में 29 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें पेंडरवा-रानीगांव क्रॉसिंग मोड़ पर ही 11 लोगों की मौत हुई है। पेंडरवा की सरपंच अंजनी बैगा सुशासन तिहार के दौरान और कलेक्टर से दो बार घटनास्थल पर प्रकाश व्यवस्था करने की मांग कर चुकी हैं। पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2022 से 2025 के बीच सड़क पर खड़े भारी वाहनों से जुड़े 88 हादसे दर्ज किए गए। इन दुर्घटनाओं में 79 लोगों की मौत हुई, जबकि 129 लोग घायल हुए। इनमें बाइक सवारों और अन्य वाहन चालकों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों के बीच हाईवे पर प्रकाश व्यवस्था, भारी वाहनों की सुरक्षित पार्किंग और चेतावनी संकेतों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता बढ़ गई है। फिलहाल भरारी के पास हुए हादसे में पुलिस ट्रक जब्त कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Tags: