Mahasamund. महासमुंद। राज्य शासन के मंशानुरूप खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को सुगम, सुव्यवस्थित एवं किसान हितैषी बनाने के लिए जिला प्रशासन महासमुंद द्वारा फसल एवं खसरा संबंधी विसंगतियों के निराकरण की कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पात्र किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए खसरा मैपिंग, फसल प्रविष्टि एवं दावा-आपत्तियों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में ऐसे किसानों के प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा।
जिनके खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं। इसके लिए संबंधित सहकारी समितियों की आईडी में उपलब्ध एग्रीस्टेक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें विकल्प के माध्यम से खसरा मैपिंग की जाएगी। कलेक्टर श्री लंगेह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी पात्र किसानों के खसरों की मैपिंग निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराई जाए। धान खरीदी की अवधि 15 जनवरी 2027 तक खसरा मैपिंग की कार्रवाई की जा सकेगी।
खेतों में पहुंचकर होगा वास्तविक फसल का सत्यापन
डिजिटल फसल सर्वेक्षण (डीसीएस) में जिन खसरों में अन्य फसल दर्ज है, लेकिन किसानों द्वारा वास्तविक रूप से धान की फसल बोए जाने का दावा किया जा रहा है, उनका भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त डीसीएस एवं पीवी ऐप में फसल प्रविष्टि के लिए उपलब्ध नहीं होने के कारण सर्वेक्षण एवं सत्यापन से छूट गए खसरों का भी संबंधित तहसीलदारों के माध्यम से भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान करते हुए मौके पर वास्तविक फसल एवं फसल के रकबे का परीक्षण किया जाएगा। प्रत्येक संबंधित खसरे का मौका पंचनामा तैयार किया जाएगा तथा वास्तविक फसल की स्थिति प्रमाणित करने के लिए स्थल के फोटोग्राफ भी संलग्न किए जाएंगे।
इससे फसल संबंधी दावों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और पात्र किसानों को धान विक्रय में सुविधा मिलेगी। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने समस्त राजस्व एवं खाद्य अधिकारियों को निर्देशित किया है कि फसल संबंधी दावा-आपत्तियों के सत्यापन के उपरांत सही एवं अद्यतन जानकारी निर्धारित प्रारूप में संकलित कर सक्षम प्राधिकारी से अनुमोदन प्राप्त किया जाए। फसल प्रविष्टि एवं संशोधन की अग्रिम कार्रवाई के लिए सत्यापित जानकारी 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों से संबंधित प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में सुनिश्चित करते हुए पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाए, ताकि किसी भी पात्र किसान को समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने में असुविधा न हो।