Takhatpur. तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे तीन मासूम बच्चे घोंघा नदी पार करते समय अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए और नदी में बह गए। घटना के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर घंटों तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है। वहीं दो अन्य बच्चों की तलाश अभी भी जारी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना ग्राम पंचायत समडील क्षेत्र की है। गांव के रहने वाले तीन बच्चे स्कूल से छुट्टी होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। घर पहुंचने के लिए उन्हें घोंघा नदी पार करनी पड़ती थी। बताया जा रहा है कि जिस समय बच्चे नदी पार कर रहे थे, उस वक्त पानी का बहाव सामान्य था और नदी में पानी कम था।

इसी दौरान अचानक नदी में तेज बहाव आ गया और तीनों बच्चे पानी की चपेट में आ गए। देखते ही देखते बच्चे नदी में बह गए। आसपास मौजूद लोगों को जब घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत बच्चों की तलाश शुरू कर दी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने ग्रामीणों की मदद से नदी में खोजबीन शुरू की। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया। नदी में बहने वाले बच्चों की पहचान 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल के रूप में हुई है। तीनों बच्चे ग्राम पंचायत समडील के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मासूम बच्चों के नदी में बहने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर मौजूद हैं और लापता बच्चों की तलाश में पुलिस की मदद कर रहे हैं।

एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया
घटना की गंभीरता को देखते हुए अब एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि एसडीआरएफ टीम के पहुंचने के बाद नदी में सर्च ऑपरेशन को और तेज किया जाएगा। आधुनिक उपकरणों की मदद से लापता बच्चों की तलाश की जाएगी। तखतपुर थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि तीनों बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद नदी पार कर घर लौट रहे थे। नदी में उस समय पानी कम था, लेकिन अचानक तेज बहाव आने से बच्चे उसकी चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि पुलिस और ग्रामीणों द्वारा लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है। एसडीआरएफ टीम के आने के बाद अभियान को और गति मिलेगी।

बारिश के मौसम में बढ़ा नदी-नालों का खतरा
बारिश के मौसम में नदी और नालों में अचानक जलस्तर बढ़ने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है। प्रशासन भी लगातार लोगों से अपील करता है कि तेज बहाव वाले नदी-नालों को पार करने से बचें। इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस, ग्रामीण और बचाव दल दोनों लापता बच्चों की तलाश में जुटे हुए हैं। सभी की नजरें अब सर्च ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं।
Tags: