एक बैंक खाते से 113 करोड़ का लेनदेन, साइबर ठगी नेटवर्क के दो आरोपी गिरफ्तार
छग
Surajpur. सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में साइबर ठगी के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में एक बैंक खाते के माध्यम से 113 करोड़ 32 लाख 9 हजार 604 रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता चला है। यह लेनदेन देश के 21 राज्यों के 150 बैंक खाताधारकों से जुड़ी साइबर ठगी की शिकायतों में दर्ज है। मामले में पुलिस ने अमन पासवान और जिशान खान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, मुख्य आरोपी देवनारायण चक्रधारी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश कर चुकी है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
JCC-TMS पोर्टल से मिला संदिग्ध बैंक खाते का सुराग
पुलिस के अनुसार, यह मामला भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के ज्वाइंट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन टीम मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (JCC-TMS) पोर्टल से मिली जानकारी के बाद सामने आया। पोर्टल पर संदिग्ध बैंक खातों की जानकारी मिलने के बाद सूरजपुर पुलिस ने विभिन्न बैंकों के खातों की जांच शुरू की। इसी दौरान सूरजपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा में संचालित एक खाते से देशभर में साइबर ठगी की रकम के लेनदेन का पता चला। केवाईसी दस्तावेजों और बैंक रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि देवनारायण चक्रधारी और महेश कुमार चक्रधारी ने डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन नाम से एक संस्था का पंजीयन कराया था। इसी संस्था के नाम पर SBI की सूरजपुर शाखा में बैंक खाता खुलवाया गया था।
21 राज्यों के 150 खाताधारकों की शिकायतें
पुलिस की जांच में इस बैंक खाते से कुल 113 करोड़ 32 लाख 9 हजार 604 रुपये का लेनदेन सामने आया है। यह राशि 21 राज्यों के 150 खाताधारकों से जुड़ी साइबर ठगी की शिकायतों में दर्ज है। इस मामले में सूरजपुर थाने में अपराध क्रमांक 107/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(4), 318(6), 61(2)(ए) और 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
13 करोड़ की ठगी के बदले मिला 13 लाख कमीशन
जांच में एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 23 से 29 अप्रैल 2025 के बीच इसी SBI खाते में लगभग 13 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन हुआ था। इसके बदले आरोपियों को कुल 13 लाख रुपये कमीशन मिलने की बात सामने आई है। पुलिस जांच के मुताबिक, इस कमीशन में मुख्य आरोपी देवनारायण चक्रधारी को 8 लाख रुपये, अमन पासवान को 2 लाख रुपये और जिशान खान को 2 लाख 50 हजार रुपये मिले थे। कमीशन की रकम आपस में बांटी गई थी।
चेक और एटीएम से निकाली गई रकम
पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी की रकम से मिले कमीशन को निकालने के लिए चेक और एटीएम का इस्तेमाल किया गया। जिशान खान ने चेक और एटीएम के माध्यम से बैंक से रुपये निकाले थे। पूछताछ में आरोपियों ने कमीशन की रकम खर्च कर देने की बात कही है।
अमन पासवान और जिशान खान गिरफ्तार
मुख्य आरोपी देवनारायण चक्रधारी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अमन पासवान (32), निवासी पंखाजूर, जिला कांकेर और जिशान खान (30), निवासी नावापारा, सूरजपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अंतरराज्यीय नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश
फिलहाल इस मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस अब पूरे वित्तीय लेनदेन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच की जा रही है कि साइबर ठगी से प्राप्त रकम किन-किन बैंक खातों में ट्रांसफर की गई और इस अंतरराज्यीय नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।