रायपुर में नशीली टैबलेट के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, 300 नाइट्रोसन-10 टैबलेट बरामद

छग

Update: 2026-07-04 16:40 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से कुल 300 नग नाइट्रोसन-10 टैबलेट, दो मोबाइल फोन और नगदी राशि जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना गोलबाजार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि गोलबाजार थाना क्षेत्र के दाई कोरा भवन के सामने कुछ युवक प्रतिबंधित नशीली टैबलेट लेकर बिक्री की फिराक में मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स तथा थाना गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिये के आधार पर संदिग्धों की पहचान शुरू की। इस दौरान पुलिस ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित किया। पुलिस टीम जैसे ही उनके पास पहुंची और पूछताछ शुरू की, तो तीनों युवक घबराकर भागने लगे। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मोह. असपाक, शिवम ढीमर और तुषार ढीमर बताए। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद बैग में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टैबलेट नाइट्रोसन-10 पाई गई।
पुलिस ने जब आरोपियों से टैबलेट के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे तो वे कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में भी वे लगातार पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते रहे। इसके बाद तीनों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया और उनके खिलाफ विधिवत कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 300 नग नाइट्रोसन-10 टैबलेट के अलावा दो मोबाइल फोन और 400 रुपये नगद जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशीली टैबलेट की सप्लाई और बिक्री से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकते हैं, जिसके संबंध में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
अधिकारियों के अनुसार, मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह प्रतिबंधित दवाएं कहां से लाई जा रही थीं और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जा रही थी। पुलिस टीम अब इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक प्रक्रिया में भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शहर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Tags:    

Similar News