Mahasamund. महासमुंद। महासमुंद जिले में बसना पुलिस ने वाहन चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई कुल 12 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी इन चोरी की बाइक को ठिकाने लगाने और बेचने की फिराक में था। एक चोरी की बाइक के मामले की जांच के दौरान मिले सुराग से पुलिस आरोपी तक पहुंची।

मामला थाना बसना क्षेत्र का है। 11 अगस्त 2026 को ग्राम खरोरा निवासी नरेश डडसेना ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक 10 अगस्त को उनके दोस्त चंद्रकिशन सोनी उनकी पुरानी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG06 GD 0158 लेकर गढ़फुलझर गए थे। शाम करीब 3:30 से 4 बजे के बीच उन्होंने बाइक यादव इलेक्ट्रिकल्स, शहीद चौक के पास खड़ी की थी। कुछ देर बाद वापस लौटने पर बाइक मौके से गायब मिली। मामले में बसना थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 429/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

चोरी की बाइक बेचने ग्राहक तलाश रहा था आरोपी
जांच के दौरान 2 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति जगदीशपुर रोड पर चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान टिकेश्वर बाघ (37), निवासी ग्राम बम्हनी, थाना बसना, जिला महासमुंद के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने गढ़फुलझर से चोरी की गई एचएफ डिलक्स बाइक के संबंध में अपना अपराध स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि उसने 10 अगस्त को चाबी लगी हालत में बाइक को चोरी किया था और उसे अपने घर ग्राम बम्हनी में छिपाकर रखा था।

पांच थाना क्षेत्रों से चुराईं 12 बाइक
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ के दौरान बसना के अलावा सरायपाली, सांकरा, पिथौरा और पटेवा थाना क्षेत्रों से भी मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि चोरी की गई अन्य बाइक को ग्राम सावित्रीपुर में एक निर्माणाधीन मकान में छिपाकर रखा गया था। आरोपी के मेमोरेंडम कथन और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने उसकी बताई जगहों से कुल 12 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं।

इनमें पैशन प्रो, सीटी 100, एचएफ डिलक्स, प्लेटिना, ड्रीम युगा, सुपर स्प्लेंडर, ग्लैमर, सीडी डिलक्स और हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस समेत विभिन्न मॉडल शामिल हैं। बरामद वाहनों में CG 04 LB 3350, CG 06 GW 9690, CG 06 GD 0158, CG 06 GM 1029, CG 04 NK 9923, CG 06 GU 9294, CG 04 DQ 7078, CG 22 W 0494, CG 04 HW 4770, CG 04 DL 2082, CG 04 DD 1417 और CG 04 DJ 3822 शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपी टिकेश्वर बाघ को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। बरामद सभी मोटरसाइकिलों की पहचान और उनके वास्तविक मालिकों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरी की इन बाइक को किन लोगों को बेचने की तैयारी थी और इस नेटवर्क में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। बसना पुलिस की इस कार्रवाई से पांच थाना क्षेत्रों में सक्रिय वाहन चोरी के मामलों की कड़ियां जुड़ने की संभावना है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Tags: