Ambikapur. अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नगदी, जेवरात तथा वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी राजेश गुप्ता, निवासी झरगवां मेनरोड, थाना बतौली ने 7 मार्च को थाना बतौली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 6 मार्च की शाम लगभग 6 बजे वे अपने घर में ताला लगाकर परिवार सहित बाहर गए हुए थे। रात करीब 10 बजे जब वे वापस लौटे तो देखा कि घर के सामने लगे चैनल गेट और मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है।
जब वे घर के अंदर पहुंचे तो देखा कि दो अज्ञात युवक अलमारी तोड़कर उसमें रखे नगदी और जेवर निकाल रहे थे। यह देखकर प्रार्थी ने कमरे को बाहर से बंद कर दिया और आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाने बाहर चला गया। इसी दौरान दोनों आरोपी खिड़की के रास्ते बाहर निकल गए और घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर फरार हो गए। बाद में घर की जांच करने पर पता चला कि अलमारी से एक जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी बिछिया और नगदी सहित लगभग 15 हजार रुपये का सामान चोरी हो गया है। प्रार्थी की शिकायत पर थाना बतौली में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान डॉग स्क्वाड की मदद ली गई और आसपास के संदिग्ध लोगों पर नजर रखी गई। जांच के दौरान पुलिस को दो युवकों पर संदेह हुआ। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों युवकों ने अपना नाम विवेक मरावी (21 वर्ष) और मुकेश मरावी (20 वर्ष) निवासी देवरी डुमरपारा, थाना बतौली बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 8 हजार 350 रुपये नगद, एक नग चांदी का पायल और एक जोड़ी बिछिया बरामद की। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने चोरी की वारदात में इस्तेमाल किए गए लोहे का रॉड और लोहे का डाई भी जप्त किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी और अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के त्वरित खुलासे से क्षेत्र के लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।