मां महामाया मंदिर में चोरी का खुलासा, सोने का हार चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-28 16:32 GMT
Baloda Bazar. बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में मां महामाया मंदिर में हुई ढाई लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मंदिर में चोरी करने वाला आरोपी पहले माता रानी के चरणों में झुका और प्रणाम किया, इसके बाद मौका पाकर प्रतिमा से सोने का हार और अन्य आभूषण चोरी कर फरार हो गया। चोरी की पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामला बलौदाबाजार शहर के
सिटी कोतवाली थाना
क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 25 जुलाई की सुबह बस स्टैंड स्थित मां महामाया मंदिर में एक युवक पहुंचा था। युवक ने मंदिर में प्रवेश करने के बाद माता की प्रतिमा के सामने जाकर श्रद्धा से चरण छुए और प्रणाम किया।

इसके बाद उसने मौका देखकर माता की प्रतिमा पर चढ़े सोने के आभूषण चोरी कर लिए और वहां से निकल गया। मंदिर में चोरी की जानकारी मिलने के बाद श्रद्धालुओं और मंदिर प्रबंधन में हड़कंप मच गया। वार्ड क्रमांक 19 निवासी रोहित कुमार साहू ने 26 जुलाई को सिटी कोतवाली थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 25 जुलाई की सुबह करीब 9:30 बजे से 10:30 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने मां महामाया की प्रतिमा से 5 पत्ती वाला मंगलसूत्र और एक पत्ती वाला सोने का लॉकेट चोरी कर लिया है। चोरी किए गए आभूषणों की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बताई गई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3) और 305 के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देश पर चोरी की घटना का खुलासा करने के लिए विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक मंदिर में प्रवेश करते और संदिग्ध गतिविधि करते दिखाई दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की पहचान करने का प्रयास शुरू किया। तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान अमन कुमार यादव उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम सिंधोरा, थाना पलारी के रूप में हुई।

पुलिस टीम जब आरोपी के घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। जांच में पता चला कि आरोपी अपने रिश्तेदार के यहां ग्राम गबौद में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अमन यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मंदिर में चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह आईटीआई की पढ़ाई कर चुका है, लेकिन नौकरी नहीं मिलने के कारण बेरोजगार था। इसी वजह से उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी धार्मिक प्रवृत्ति का था और मंदिर में आने-जाने के दौरान उसने चोरी की योजना बनाई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने के छह पत्ती और लॉकेट बरामद कर लिए हैं।

इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किया गया एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी और छिपकर सेंध लगाने की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी जांच की मदद से अपराधियों तक पहुंचना आसान हो रहा है। मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों पर चोरी करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बलौदाबाजार पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी। मां महामाया मंदिर चोरी मामले में त्वरित कार्रवाई कर आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस ने बड़ी सफलता बताया है।
Tags:    

Similar News