कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सलमुक्त वातावरण के बीच इस बार दीपावली का पर्व खास उत्साह के साथ मनाया गया। कोंडागांव जिले के पूर्व नक्सल प्रभावित और अंदरूनी गांवों में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर दीपोत्सव मनाया। इस दौरान पूजा-अर्चना की गई और ग्रामीणों को मिठाइयां एवं पटाखे वितरित किए गए।
लक्ष्मी पूजा के अवसर पर 8 नवंबर 2026 को कोंडागांव पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के नक्सलमुक्त गांवों में दीपावली उत्सव का आयोजन किया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के आदेश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
इस दौरान पुलिस अधिकारी दूरस्थ और अंदरूनी गांवों में पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ आत्मीयता से त्योहार की खुशियां साझा कीं। गांव के गायता, पुजारी, सिरहा, मांझी और वरिष्ठ नागरिकों के साथ देवालयों में देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की गई। साथ ही पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था के प्रमुखों और वरिष्ठजनों का सम्मान भी किया गया। पुलिस की ओर से महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को मिठाइयां एवं पटाखे वितरित किए गए। इस पहल से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों ने दीपावली उत्सव में भाग लिया।
कार्यक्रम के तहत बयानार थाना क्षेत्र के ग्राम पेरमापाल और आमगांव, मर्दापाल थाना क्षेत्र के ग्राम पुसपाल, धनोरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुदालवाही, उरंदाबेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कसई फरसगांव और पुंगारपाल थाना क्षेत्र के ग्राम मटवाल में दीपोत्सव मनाया गया। कोंडागांव पुलिस की इस पहल के दौरान पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों में पुलिस और ग्रामीणों ने एक साथ दीपावली की खुशियां बांटीं।
Tags: