Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। शहर में चाकूबाजी, लूट, मारपीट, सूने घरों में चोरी और सुनसान स्थानों पर स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला रायपुर के बड़े आवासीय क्षेत्र कमल विहार से सामने आया है, जहां चोरों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कमल विहार सेक्टर-4 में स्थित एक पान ठेले को चोरों ने निशाना बनाया।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने देर रात दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे सामान को चोरी कर फरार हो गए। चोरी की इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर नाराजगी जताई है। घटना की जानकारी मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस और कमल विहार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की और संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कमल विहार जैसे बड़े आवासीय क्षेत्र में लगातार छोटी-बड़ी चोरी की घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और रात के समय निगरानी मजबूत करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ते छोटे अपराधों और चोरी की वारदातों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए गश्त और निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।