रायपुर के संजय नगर में 5 मौतों का राज 7 महीने बाद खुला, SIT जांच में मुखिया साजिद अली ही निकला परिवार का हत्यारा
छत्तीसगढ़.
रायपुर। राजधानी रायपुर के संजय नगर में 5 लोगों की सामूहिक मौत मामले में करीब 7 महीने बाद बड़ा खुलासा हुआ है। विशेष जांच दल (SIT) की जांच में हुए खुलासे के बाद पुलिस ने मृतक मुखिया साजिद अली को हत्या का आरोपी बनाया है, जिसने अपनी पत्नी और 3 बच्चों को कीटनाशक देकर मौत के घाट उतारा था। इसके बाद उसने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी।
एसआईटी जांच के मुताबिक, साजिद सट्टे के कारोबार में घाटे और आर्थिक तंगी से परेशान था। वह गोलबाजार और डगनिया इलाके में मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाता था। बैंक खातों की जांच में पिछले पांच साल के दौरान करीब 70 लाख रुपये का लेनदेन सामने आया है। कारोबार बंद होने के बाद उसकी आर्थिक परेशानी बढ़ गई थी।
जांच में यह भी पता चला कि घटना वाले दिन साजिद ने अपने बेटे इरशाद को दो बार फोन कर घर बुलाया था। वह मिठाई और खाना भी लेकर आया था, जिसके बाद उसने खाने-पीने की चीजों में कीटनाशक मिलाकर पत्नी राबिया और तीन बच्चों को खिला दिया था। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, सुबह 10:18 बजे वह आखिरी बार घर का दरवाजा बंद करते दिखाई दिया। वहीं, घटना से करीब ढाई महीने पहले उसने एक परिचित से परिवार के साथ संबंध अच्छे नहीं होने और जीने का मन नहीं करने की बात कही थी।
करीब पांच महीने तक चली जांच के बाद टिकरापारा पुलिस ने साजिद अली के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया है। एसआईटी की जांच में सामने आए तथ्यों के बाद मदनी चौक में एक ही घर के भीतर मिले पांच शवों का मामला सामूहिक हत्याकांड के रूप में सामने आया है।
बता दें कि यह पूरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। 17 जुलाई को संजय नगर के मदनी चौक में किराए के मकान में एक ही परिवार के 5 लोगों की लाश मिली थी, जिनकी पहचान साजिद अली (50 वर्ष), उनकी पत्नी राबिया और तीन बच्चे इरशाद अली, शाहिदा बेगम और इरशाबा परवीन के रूप में हुई थी। साजिद की लाश फांसी से झूल रही थी, तो वहीं बाकी सदस्यों की लाश संदिग्ध हालत में पड़ी थी।