कवर्धा: कबीरधाम पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कंटेनर ट्रक से 407 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार रुपये बताई गई है। तस्करों ने गांजे को ट्रक की ड्राइवर सीट के ऊपर बने गोपनीय चेंबर में छिपाकर रखा था। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, चिल्फी थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे-30 पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक की ड्राइवर सीट के ऊपर बने गोपनीय चेंबर से 192 पैकेट गांजा बरामद हुआ। इसका कुल वजन 407 किलो 330 ग्राम पाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने गांजा, कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन सहित कुल 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Tags: