जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में धर्मांतरण का मुद्दा फिर गरमा गया है। जिले की चार ग्राम पंचायतों सोगड़ा, चढ़िया, डूमरटोली और टेम्पू में ग्रामसभा के फैसले के बाद गांवों के रास्तों पर बोर्ड लगाए गए हैं। इनमें पास्टर, फादर और सिस्टर के गांव में आने पर रोक की बात लिखी गई है।
जशपुर विधायक रायमुनी भगत की मौजूदगी में भी बोर्ड लगाए गए। आदिवासी समाज के कुछ लोग इसे अपनी संस्कृति और परंपरा बचाने की पहल बता रहे हैं। वहीं, ईसाई आदिवासी महासभा के प्रदेशाध्यक्ष अनिल किस्पोट्टा ने इसका विरोध किया है। उनका कहना है कि धर्मांतरण जागरूकता से रोका जा सकता है, बोर्ड लगाने से नहीं।
दरअसल, जिले की 4 ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों ने ग्रामसभा की बैठक में प्रस्ताव पास किया। इसके बाद गांवों के रास्तों पर बोर्ड लगाए गए। इनमें पास्टर, फादर और सिस्टर के गांव में आने पर रोक की बात लिखी गई है।
ग्रामीणों और आदिवासी समाज के लोगों का कहना है कि वे अपनी संस्कृति, परंपराओं और पहचान को बचाना चाहते हैं। उनका मानना है कि गांवों में धर्मांतरण की गतिविधियों को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
बोर्डों पर पेसा कानून 1996 के तहत ग्रामसभा के अधिकारों और आदिवासी परंपराओं को बचाने की बात लिखी गई है। आदिवासी नेता संतन भगत का कहना है कि धर्मांतरण रोकने और समाज की पुरानी परंपराओं को बचाने के लिए गांव-गांव में लोगों को जागरूक किया जाएगा।
सोगड़ा, चढ़िया, डूमरटोली और टेम्पू के बाद अब दूसरी ग्राम पंचायतों में भी ऐसे बोर्ड लगाने की तैयारी है। आदिवासी नेता ने इसके लिए अभियान चलाने की बात कही है। उनका कहना है कि लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं के बारे में जागरूक किया जाएगा।
बोर्ड लगाने पर ईसाई आदिवासी महासभा के प्रदेशाध्यक्ष अनिल किस्पोट्टा ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बोर्ड लगाकर समाज को बांटने का काम किया जा रहा है। धर्मांतरण रोकने के लिए लोगों को जागरूक करना चाहिए। बोर्ड लगाने से यह नहीं रुकेगा।
Tags: