1 करोड़ लिए, 40 लाख लौटाए, बाकी 60 लाख हड़पने के लिए बनाए फर्जी बिल, आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़.
धमतरी। जिले में धोखाधड़ी के मामलों में कार्रवाई करते हुए थाना कुरुद पुलिस ने व्यावसायिक लेनदेन में 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने और फर्जी व कूटरचित दस्तावेज तैयार कर पेश करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया उर्मिला शर्मा 48 वर्ष निवासी धोबनीपारा, कुरुद ने थाना कुरुद में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि व्यावसायिक लेनदेन के तहत उन्होंने आरोपी विनय अग्रवाल को केनरा बैंक के माध्यम से RTGS द्वारा अलग-अलग किस्तों में कुल 1 करोड़ रुपये दिए थे।
आरोपी द्वारा प्रार्थिया को 40 लाख रुपये वापस किए गए, लेकिन शेष 60 लाख रुपये वापस नहीं किया। बकाया राशि हड़पने की नीयत से आरोपी ने 16 जून से 24 जून 2023 के मध्य 2360 क्विंटल चावल FCI मंदिर हसौद गोदाम में जमा कराने के नाम पर 8 नग फर्जी व कूटरचित इनवाइस/बिल तैयार कर प्रार्थिया के सामने पेश किया। जांच में इन दस्तावेजों की तारीखों व तथ्यों में विसंगतियां पाई गईं।
प्रार्थिया की शिकायत की जांच में धोखाधड़ी व कूटरचित दस्तावेजों के उपयोग का अपराध पाए जाने पर थाना कुरुद में धारा 467, 468, 471 एवं 420 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुरुद पुलिस टीम द्वारा आरोपी की पतासाजी कर उसे महासमुंद से हिरासत में लिया गया। पूछताछ व जाँच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त सबूत पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इसके पश्चात आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
विनय अग्रवाल, पिता स्व. महावीर जी अग्रवाल 52 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 30, आदर्श नगर, थाना एवं जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़)।