मोहला : छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में पर्यटन को नई पहचान देने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। प्राकृतिक खूबसूरती से घिरे मोंगरा बैराज को प्रमुख इको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की तैयारी है। प्रस्तावित योजना में नौकायन, जंगल सफारी, ट्रेकिंग, कॉटेज और वॉच टावर जैसी सुविधाओं के साथ 'टाइटैनिक' थीम पर विशेष व्यू पॉइंट बनाने का प्रस्ताव है। इस परियोजना के माध्यम से स्थानीय जनजातीय संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की भी योजना है।
कलेक्टर तनुजा सलाम के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय समिति ने 18 नवंबर को वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार की अध्यक्षता में अंबागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम मोंगरा स्थित बैराज का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बैराज और उसके आसपास के प्राकृतिक स्थलों का अवलोकन करते हुए पर्यटन विकास की संभावनाओं पर चर्चा की।
बैराज से लेकर पहाड़ियों तक विकसित होंगी पर्यटन सुविधाएं
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उज्वल पोरवाल, मोहला एसडीएम शुभांगी गुप्ता, अंबागढ़ चौकी तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और मुख्यमंत्री सुशासन फेलो उपस्थित रहे। समिति ने मोंगरा बैराज, बांध, आसपास के तालाबों, इको-पार्क और अमागढ़ की पहाड़ियों का जायजा लिया। इन सभी स्थानों को एकीकृत पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर विचार किया गया।प्रस्तावित कार्ययोजना में प्राकृतिक वातावरण को सुरक्षित रखते हुए पर्यटकों के लिए बैठने, ठहरने, विश्राम और मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
'टाइटैनिक' व्यू पॉइंट होगा खास आकर्षण
मोंगरा बैराज में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 'टाइटैनिक' थीम पर विशेष व्यू पॉइंट तैयार करने का प्रस्ताव है। यहां पर्यटक प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के साथ यादगार तस्वीरें भी ले सकेंगे। इसके अलावा बैराज क्षेत्र में नौकायन, पक्षी-दर्शन, वॉच टावर, नेचर ट्रेल, ट्रेकिंग, जंगल सफारी और कॉटेज जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। पर्यटकों के मनोरंजन के साथ उनकी सुरक्षा के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
चट्टानों पर दिखेगी छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति
पर्यटन विकास की इस योजना में स्थानीय आदिवासी कला और सांस्कृतिक विरासत को भी विशेष स्थान दिया गया है। बैराज के आसपास मौजूद चट्टानों पर जनजातीय चित्रकला के माध्यम से क्षेत्र की पारंपरिक कला, संस्कृति और जीवनशैली को प्रदर्शित करने की तैयारी है। इसके माध्यम से मोंगरा बैराज पहुंचने वाले पर्यटक प्राकृतिक नजारों के साथ स्थानीय जनजातीय परंपराओं से भी परिचित हो सकेंगे।
महिलाओं और ग्रामीणों के लिए खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते
प्रस्तावित इको-टूरिज्म परियोजना में स्थानीय समुदाय की भागीदारी को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। स्वसहायता समूहों की महिलाओं, संयुक्त वन प्रबंधन समितियों के सदस्यों और नक्सल प्रभावित व्यक्तियों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने की योजना बनाई जा रही है। स्थानीय लोगों को कैंटीन संचालन, नौकायन और स्थानीय उत्पादों के विक्रय केंद्रों से जुड़ी गतिविधियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। पर्यटन स्थल पर संचालित होने वाली कैंटीन में पारंपरिक जनजातीय व्यंजन उपलब्ध कराने की भी योजना है। इससे स्थानीय खानपान को पहचान मिलने के साथ ग्रामीण उत्पादों के लिए बाजार विकसित होने की उम्मीद है।
प्लास्टिक मुक्त पर्यटन स्थल बनाने की तैयारी
मोंगरा बैराज को पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त रखने के साथ वन संपदा, प्राकृतिक संसाधनों और जैव विविधता के संरक्षण को कार्ययोजना में शामिल करने का निर्णय लिया है। संयुक्त स्थल निरीक्षण के बाद जिला स्तरीय समिति संबंधित विभागों के सहयोग से परियोजना की विस्तृत रूपरेखा तैयार करेगी। इसके बाद प्रस्ताव कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। योजना के क्रियान्वयन से मोंगरा बैराज को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय संस्कृति के संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Tags: