कोलियारी–खरेंगा–दोनर सड़क बनेगी विकास की नई धुरी, कलेक्टर मिश्रा ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण

छग

Update: 2026-01-19 14:34 GMT
Dhamtari. धमतरी। जिले के ग्रामीण अंचलों को जिला मुख्यालय से सुगम, सुरक्षित और तेज आवागमन की सुविधा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। कोलियारी–खरेंगा–दोनर–जोरातराई मुख्य जिला मार्ग के मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। करीब 33.200 किलोमीटर लंबी इस महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण से धमतरी और कुरूद विधानसभा क्षेत्र के 35 से 40 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सोमवार को खरेंगा–दोनर क्षेत्र में पहुंचकर निर्माणाधीन सड़क का स्थल निरीक्षण किया और कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप, टिकाऊ और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

ताकि आने वाले वर्षों में ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि वर्षा के मौसम के कारण कुछ समय के लिए निर्माण कार्य की गति प्रभावित हुई थी, लेकिन अब कार्य को युद्धस्तर पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परियोजना की आधिकारिक समय-सीमा दिसंबर 2026 निर्धारित है, हालांकि प्रशासन का प्रयास है कि इसे जून 2026, यानी वर्षा से पहले ही पूर्ण कर लिया जाए। इससे बरसात के दौरान ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी और सड़क का अधिकतम लाभ समय पर मिल सकेगा।

40 गांवों को मिलेगा सीधा विकास मार्ग
इस सड़क के निर्माण से कोलियारी, अमेठी, कलारतराई, परसुली, दर्दी, खरेंगा, सारंगपुरी, देवपुर, दिमरटिकुर, दोनर, सेमरा, जोरातराई, सेलदीप, मंदरौद सहित आसपास के दर्जनों गांव सीधे जिला मुख्यालय से जुड़ जाएंगे। इससे हजारों ग्रामीणों का सफर आसान और सुरक्षित होगा। ग्रामीणों का जिला मुख्यालय तक पहुंचने का समय कम होगा, वहीं विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज जाने में भी सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि विपणन, व्यापारिक गतिविधियों और सार्वजनिक वितरण प्रणाली तक पहुंच भी अधिक सशक्त होगी। कलेक्टर ने बताया कि सड़क निर्माण में स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तकनीकी योजना बनाई गई है। रिहायशी और बसाहट वाले क्षेत्रों में सीसी रोड का निर्माण किया जा रहा है, जबकि अन्य हिस्सों में बीटी रोड बनाई जा रही है। यह मार्ग महानदी के समानांतर स्थित होने के कारण रेत परिवहन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण साबित होगा, जिससे शासन को राजस्व प्राप्ति में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी तेज प्रगति
यह मार्ग नदी-नालों से घिरे क्षेत्र में स्थित है, जहां निर्माण कार्य चुनौतीपूर्ण रहा है। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग और ठेकेदार संस्था के समन्वित प्रयासों से निर्माण कार्य लगातार आगे बढ़ रहा है। सड़क और पुल-पुलिया निर्माण से इस पूरे क्षेत्र में अब बारहमासी आवाजाही संभव हो सकेगी।

तकनीकी विवरण
इस परियोजना के तहत कुल 63 पुल-पुलियों का निर्माण किया जा रहा है। वर्तमान में 3 मीटर चौड़ी सड़क को बढ़ाकर 7 मीटर किया जा रहा है। इसमें 10.800 किलोमीटर सीसी रोड (ग्राम एवं बसाहट क्षेत्र) और 22.400 किलोमीटर बीटी रोड शामिल है। अब तक 1.80 किलोमीटर सीसी रोड, 17.100 किलोमीटर सबग्रेड, 6.800 किलोमीटर जीएसबी, 95 मीटर रिटेनिंग वॉल, 55 मीटर टो वॉल, 3.800 मीटर नाली, 11 पाइप पुलिया और 36 स्लैब कल्वर्ट का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।

विकास की मुख्यधारा से जुड़ाव
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सुदृढ़, टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण सड़कें ही ग्रामीण विकास की असली नींव होती हैं। कोलियारी–खरेंगा–दोनर मार्ग के पूर्ण होने से ग्रामीण अंचलों के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी और यह क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से मजबूती से जुड़ेगा। यह परियोजना न केवल एक सड़क निर्माण है, बल्कि प्रशासनिक प्रतिबद्धता और जनहित के प्रति संवेदनशील शासन की सशक्त मिसाल भी है।
Tags:    

Similar News