महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने अवैध सूदखोरी और सोना-चांदी के आभूषण गिरवी रखकर धोखाधड़ी करने के दो मामलों का खुलासा किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बैंक पासबुक, हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक, ब्लैंक स्टांप, ऋण पुस्तिकाएं, गिरवी रसीदें और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। जब्त सामग्री में करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड भी शामिल हैं।
पहले मामले में बसना पुलिस ने रायपुर के मोवा स्थित डॉल्फिन प्लाजा में दबिश देकर बसना निवासी कुलदीप सिंह छाबड़ा को गिरफ्तार किया। आरोपी पर एक व्यक्ति को 40 हजार रुपये का कर्ज देकर उसके बदले ढाई लाख रुपये वसूलने का आरोप है। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 160 हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक, 48 ब्लैंक स्टांप, 27 एटीएम, डेबिट और क्रेडिट कार्ड, 24 बैंक पासबुक, 9 ऋण पुस्तिकाएं, जमीन से जुड़े दस्तावेज और 1 लाख 20 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। बड़ी संख्या में मिले बैंकिंग और वित्तीय दस्तावेजों के आधार पर पुलिस लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
दूसरा मामला सांकरा के श्याम ज्वेलर्स से जुड़ा है। दुकान संचालक राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल पर गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों के सोने-चांदी के आभूषण गिरवी रखकर वापस नहीं करने का आरोप है। शिकायत के अनुसार, आरोपी लोगों से आभूषण गिरवी रखकर ऋण देता था। बाद में गिरवी रखे आभूषणों को गलाने और संबंधित लोगों को उनके आभूषण वापस देने से इनकार करने की बात सामने आई।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी राकेश अग्रवाल के पास से 20 रजिस्टर, 7 कॉपियां, गिरवी रखने से संबंधित रसीदें, मोबाइल फोन, साहूकार लाइसेंस और गला हुआ 15 ग्राम सोना जब्त किया है। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिए हैं।
दोनों मामलों में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन मामलों में कितने लोगों से लेन-देन किया गया और कितनी राशि से संबंधित रिकॉर्ड मौजूद हैं। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है।
Tags: