Narayanpur. नारायणपुर। राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक प्रभावी रूप से पहुँचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक दस्तावेज तैयार करने के उद्देश्य से नारायणपुर जिले में “सुशासन एक्सप्रेस” वाहन का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर लघु वनोपज सहकारिता संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम और जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम ने वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सुशासन एक्सप्रेस एक चलित जन-जागरूकता वाहन के रूप में तैयार किया गया है, जो ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम गाँव तक शासन की योजनाओं और सेवाओं को पहुँचाएगा। इस वाहन में आधार कार्ड, जाति, निवास, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, जॉब कार्ड, वोटर आईडी, बैंक खाता, उज्जवला कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज बनाए जाने की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा वाहन में वाईफाई की सुविधा, आधार ऑपरेटर, स्व सहायता समूह की सक्रिय महिलाएं, सचिव, पटवारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और नोडल अधिकारी के रूप में एसडीएम मौजूद रहेंगे।
इस अवसर पर कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि शासन की योजनाएँ तभी सार्थक होती हैं, जब उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। इसी उद्देश्य के साथ सुशासन एक्सप्रेस को एक चलित जन-जागरूकता वाहन के रूप में तैयार किया गया है। कलेक्टर ने बताया कि वाहन ग्राम स्तर पर चौपाल, हाट-बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर रुककर लोगों से संवाद स्थापित करेगा और उन्हें उनके अधिकारों एवं योजनाओं से लाभान्वित करेगा। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे सुशासन एक्सप्रेस से प्राप्त होने वाली सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य पारदर्शिता, सहभागिता और विश्वास के साथ सुशासन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना है। इसके माध्यम से ग्रामीण जनता को शासन की योजनाओं और उनकी लाभप्रदता से परिचित कराना प्राथमिक उद्देश्य है।
सुशासन एक्सप्रेस के शुभारंभ समारोह में नगरपालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मण्डावी, नगरपालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, जनपद अध्यक्ष ओरछा नरेश कोर्राम, नारायणपुर पिंकी उसेण्डी, पार्षदगण, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, अपर कलेक्टर बिरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, डॉ. सुमित गर्ग, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास राजेन्द्र सिंह, दीपक हिरवानी और वरिष्ठ निज सहायक सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि और पत्रकारगण उपस्थित थे। कलेक्टर ने कहा कि सुशासन एक्सप्रेस ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं और नागरिक सेवाओं को सीधे लोगों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वाहन के माध्यम से ग्राम स्तर पर लोगों की समस्याओं और आवश्यकताओं को समझकर उन्हें शीघ्र समाधान प्रदान किया जाएगा। इस पहल से नारायणपुर जिले में प्रशासन और नागरिकों के बीच बेहतर संवाद स्थापित होगा और योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम लाभार्थियों तक पहुँच पाएगा। सुशासन एक्सप्रेस ग्रामीण जनता के लिए सरकारी योजनाओं और दस्तावेज निर्माण की सुविधा का माध्यम बनकर, शासन और प्रशासन को जनता के करीब लाने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।