Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में ई-रिक्शा में सवारी बैठाकर लूटपाट और झपटमारी की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा और पीड़ित से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान टिकरापारा निवासी विकास बघेल उर्फ चिंगरी और कबीर नगर निवासी विनोद राणा उर्फ डैनी के रूप में हुई है।
ऑक्सीजोन गार्डन के पास दिया वारदात को अंजाम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मदेश मानापुरे 13 नवंबर 2026 को रेलवे स्टेशन जाने के लिए ई-रिक्शा (क्रमांक सीजी 04 एन.एस. 6418) में सवार हुए थे। सफर के दौरान जैसे ही ई-रिक्शा सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत ऑक्सीजोन गार्डन के पास पहुंचा, चालक ने अचानक वाहन रोक दिया। इससे पहले कि मदेश कुछ समझ पाते, ई-रिक्शा चालक ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर उन्हें घेर लिया और उनकी जेब में रखे 3,000 रुपये नकद तथा विवो कंपनी का मोबाइल फोन झपटकर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से घबराए प्रार्थी ने तत्काल सिविल लाइन थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की मदद से पकड़े गए आरोपी
शहर में चोरी, लूट और झपटमारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) कमिश्नरेट रायपुर तारकेश्वर पटेल द्वारा सभी थाना प्रभारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 581/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) और 3(5) का मामला दर्ज कर तत्काल विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी सिविल लाइन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। साथ ही, पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर महज दो घंटे के भीतर दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में कबूल किया अपना जुर्म
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम विकास बघेल उर्फ चिंगरी (18 वर्ष, निवासी सुदामा नगर, कांती चौक, थाना टिकरापारा) और विनोद राणा उर्फ डैनी (21 वर्ष, निवासी अंबेडकर आवास, थाना कबीर नगर) बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने रेलवे स्टेशन जा रहे यात्री के साथ लूटपाट और झपटमारी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के यात्रियों और आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है।