Kondagaon. कोण्डागांव। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने गुरुवार को बोरगांव स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पशुपालन कार्य योजना के अंतर्गत निर्मित हो रहे बतख पालन, बकरी पालन, मछली पालन तथा शुकर पालन सहित अन्य शेड निर्माण कार्यों का अवलोकन किया और उनकी प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने कृषि विज्ञान केन्द्र परिसर में बोगनवेलिया की विभिन्न किस्मों के संरक्षण एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने और गमलों में बौनी (ड्वार्फ) किस्म की बोगनवेलिया तथा यूफोर्बिया के प्रवर्धन का प्रयास करने और सभी पौधों पर आवश्यक जानकारी सहित नाम पट्टिका लगाने को कहा।


उन्होंने केंद्र में माली (गार्डनर) प्रशिक्षण, सजावटी (ऑर्नामेंटल) नर्सरी तथा एग्रीवोल्टैक्स से संबंधित परियोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही विभिन्न इकाइयों के सुचारू संचालन के लिए सोलर प्लांट स्थापना हेतु क्रेडा को कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी पशु इकाइयों के लिए राजस्व मॉडल तैयार करने तथा पशु सखी को इससे लाभान्वित करने पर भी जोर दिया। साथ ही कृषि विज्ञान केन्द्र, कोण्डागांव के लिए आगामी तीन वर्षों की प्रगतिशील कार्ययोजना (प्रोग्रेसिव प्लान) तैयार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम अश्वन कुमार पुसाम, जनपद पंचायत सीईओ रूपेंद्र नेताम, डीएमसी ईमल बघेल सहित कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. सुरेश कुमार मरकाम, डॉ. हितेश कुमार मिश्रा, पशुधन उत्पादन प्रबंधन विशेषज्ञ और डॉ. बिपलब चौधरी, मृदा विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
Tags: