रायकेरा कैंप से मोबाइल और नगदी चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर भेजा जेल

छग

Update: 2025-09-18 14:06 GMT
Raigarh. रायगढ़। घरघोड़ा थाना पुलिस ने रायकेरा स्थित व्हीपीआर कंपनी कैंप में हुए चोरी के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेजा गया। आरोपी के पास से चोरी किए गए दो मोबाइल फोन और नगदी रकम बरामद की गई है।
चोरी की घटना 29 अगस्त की
मामला 29 अगस्त का है, जब प्रार्थी धर्मेंद्र कुमार पिता विजय प्रसाद (19 वर्ष), निवासी ग्राम बखौरा जिला सोनभद्र (उ.प्र.), जो एनटीपीसी तलाईपाली परियोजना अंतर्गत अनुबंध कंपनी व्हीपीआर में कार्यरत है, अपने दो साथियों के साथ रायकेरा कैंप स्थित कमरे में सो रहा था। रात करीब 10.30 बजे तीनों साथियों ने कमरे का
दरवाजा
बिना कुंडी लगाए सो गए थे। सभी ने अपने-अपने मोबाइल फोन और पर्स तकिए के पास रख दिए थे। लेकिन जब सुबह करीब 4 बजे धर्मेंद्र की नींद खुली तो उसने पाया कि उसका पोको मोबाइल और पर्स में रखे 4500 रुपये नकद गायब हैं। जांच करने पर सामने आया कि उसके साथी रतनेष कुमार का वीवो मोबाइल और 2100 रुपये, जबकि सुभेंदु सामर के पर्स से 15,500 रुपये नकद भी चोरी हो चुके थे। कुल मिलाकर दो मोबाइल कीमती 25 हजार रुपये और 22,100 रुपये नगद चोरी हो गए थे।
थाना घरघोड़ा में मामला दर्ज
घटना की रिपोर्ट घरघोड़ा थाना में दर्ज कराई गई। इस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 244/2025 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के कथन दर्ज किए और मुखबिरों से प्राप्त सूचना का भी विश्लेषण किया। इसी बीच पुलिस को कुनाल पंडा पिता अनिल पंडा (21 वर्ष), निवासी ग्राम भुईयापानी थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ पर संदेह हुआ। पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरू में आरोपी टालमटोल करता रहा, लेकिन जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
बरामदगी में मिली सफलता
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सामान की बरामदगी की। उसके पास से दोनों चोरी गए मोबाइल फोन और 8400 रुपये नकद जब्त किए गए। शेष रकम आरोपी ने खर्च कर दी थी। पूरी कार्यवाही गवाहों की मौजूदगी में की गई और सभी जब्त सामान को विधिसम्मत दस्तावेज तैयार कर सुरक्षित रखा गया।
आरोपी को भेजा गया रिमांड पर
पुलिस ने आरोपी कुनाल पंडा को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उसे रिमांड पर भेजने का आदेश दिया, ताकि मामले की और गहन जांच हो सके। पुलिस का कहना है कि आरोपी से और भी वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, और आरक्षक उद्यो पटेल की सराहनीय भूमिका रही। टीम की सतर्कता और मेहनत के कारण चोरी का मामला महज कुछ ही दिनों में सुलझा लिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में भरोसा बढ़ा है। व्हीपीआर कैंप में कार्यरत श्रमिकों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है। उनका कहना है कि चोरी की इस घटना से सभी दहशत में थे, लेकिन पुलिस की तत्परता ने यह साबित कर दिया कि अपराधी कितनी भी चालाकी से वारदात करें, कानून के शिकंजे से बच नहीं सकते।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों और कैंप में रहने वाले श्रमिकों से अपील की है कि वे अपने कमरों और सामान को सुरक्षित रखें तथा दरवाजों पर ताले और कुंडी जरूर लगाएँ। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना थाना पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।

Similar News