Sakti. सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। ग्राम सकरेलीभाठा में मंगलवार रात रेल पटरी पर बैठकर मोबाइल में गेम खेल रहे दो किशोर मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे में 14 वर्षीय टिकेश साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी 14 वर्षीय नवीन खांडे गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं यह हादसा मोबाइल गेम में अत्यधिक व्यस्तता और रेलवे ट्रैक पर लापरवाही को लेकर चिंता बढ़ाने वाला है।
गेम खेलने में इतने मशगूल थे कि नहीं सुनाई दी ट्रेन की आवाज
जानकारी के अनुसार सकरेलीभाठा निवासी टिकेश साहू और नवीन खांडे मंगलवार रात करीब 8 बजे रेल पटरी पर बैठकर मोबाइल में Free Fire गेम खेल रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों किशोर गेम खेलने में इतने ज्यादा व्यस्त थे कि उन्हें बाराद्वार की ओर से आ रही मालगाड़ी की आवाज तक सुनाई नहीं दी। जब तक दोनों संभल पाते, तब तक मालगाड़ी काफी करीब पहुंच चुकी थी। मालगाड़ी की चपेट में आने से टिकेश साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि नवीन गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल किशोर को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल नवीन खांडे को अस्पताल पहुंचाया। उसके सिर, कंधे और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। बाराद्वार अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे चांपा रेफर किया गया है। चिकित्सकों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है।
हादसे से पहले चार किशोर खेल रहे थे गेम
स्थानीय लोगों के अनुसार घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर गणेश पंडाल बना हुआ है। मोहल्ले के करीब आधा दर्जन किशोरों की अक्सर रेल पटरी के पास बैठकर मोबाइल गेम खेलने की आदत थी। हादसे से कुछ समय पहले भी चार दोस्त रेल पटरी के पास बैठकर गेम खेल रहे थे। हालांकि घटना से करीब 15 मिनट पहले उनमें से दो किशोर वहां से उठकर गणेश पंडाल में प्रसाद लेने चले गए थे। लोगों का कहना है कि यदि वे दोनों समय रहते वहां से नहीं हटते तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।
रेलवे ट्रैक पर सावधानी बरतने की जरूरत
इस घटना ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा और सावधानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे ट्रैक पर बैठना या वहां मोबाइल में व्यस्त रहना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। स्थानीय लोगों ने बच्चों और किशोरों को रेलवे पटरी के पास जाने से रोकने और जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बताई है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक किशोर के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
Tags: