रायपुर मरीन ड्राइव पर टीम प्रहरी अभियान, 15 ठेलों पर 3000 रुपये का ई-चालान

छग

Update: 2026-05-23 18:12 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के नगर निगम जोन क्रमांक 3 क्षेत्र अंतर्गत तेलीबांधा तालाब मरीन ड्राइव मार्ग पर “टीम प्रहरी अभियान” के तहत स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखना और यातायात को सुगम एवं व्यवस्थित करना रहा। इस अभियान के दौरान लगभग 15 ठेलों और गुमटियों के संचालकों द्वारा सार्वजनिक स्थान पर कचरा फैलाने और स्वच्छता नियमों का पालन न करने पर कार्रवाई की गई। नगर निगम टीम ने कुल 3000 रुपये का ई-चालान जारी किया और संबंधित लोगों को कड़ी चेतावनी दी गई।

यह अभियान रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देशों के अनुसार तथा नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और यातायात एसपी अजय कुमार के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान में एएसपी यातायात विवेक शुक्ला, नगर निगम अपर आयुक्त नगर निवेश पंकज के. शर्मा, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, जोन 3 कमिश्नर प्रीति सिंह, कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे, नगर निवेश अभियंता आशुतोष सिंह, सहायक अभियंता नरेश साहू और उप अभियंता अक्षय भारद्वाज सहित नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।

अधिकारियों ने मौके पर दुकानदारों और ठेला संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में कचरा तेलीबांधा तालाब या सार्वजनिक स्थानों पर न फेंका जाए। सभी दुकानदारों को अनिवार्य रूप से अलग-अलग डस्टबिन रखने और गीला-सूखा कचरा अलग-अलग सफाई मित्र को देने के निर्देश दिए गए। टीम ने चेतावनी दी कि यदि आगे भी नियमों का उल्लंघन किया गया तो और सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि शहर में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत हो और यातायात बाधित न हो। अभियान के दौरान यह भी देखा गया कि लगातार चलाए जा रहे जनजागरण कार्यक्रमों से मरीन ड्राइव और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है और यातायात व्यवस्था में भी सुधार देखने को मिल रहा है।
Tags:    

Similar News