सरगुजा पुलिस ने म्यूल अकाउंट फ्रॉड गिरोह के 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
छग
Surguja. सरगुजा। सरगुजा पुलिस ने म्यूल अकाउंट फ्रॉड (Mule Account Fraud) में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तरप्रदेश निवासी राहुल गुप्ता (20), आशुतोष शर्मा (23) और विकास किर्तनिया (26) शामिल हैं। ये लोग अंबिकापुर में रहकर ऑनलाइन ठगी के माध्यम से पैसों की अवैध लेन-देन कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से दर्जनों पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और कुल 1 लाख 36 हजार रुपए बरामद किए हैं। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 19 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली कि राहुल गुप्ता थाने के सामने स्थित एसबीआई बनारस रोड शाखा में किराए के मकान में रहकर युवकों को पैसे देकर उनके नाम से नया सिम और बैंक खाता खुलवाता था। इन खातों का इस्तेमाल म्यूल अकाउंट के माध्यम से ऑनलाइन फ्रॉड के लिए किया जा रहा था।
सीएसपी राहुल बंसल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाने के सामने स्टेट बैंक बिल्डिंग के सेकेंड फ्लोर पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान राहुल गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 101 पासबुक, 35 एटीएम कार्ड, 28 चेकबुक, 3 मोबाइल और 1 लाख 36 हजार रुपए जब्त किए गए। पुलिस ने बैंक खातों की जांच पोर्टल के माध्यम से की, जिसमें पता चला कि इन म्यूल अकाउंट में लाखों रुपए जमा किए गए थे। पूछताछ में राहुल गुप्ता ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों आशुतोष शर्मा और विकास किर्तनिया के साथ मिलकर युवकों को कमीशन का लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खोलवाते थे और उन खातों में ऑनलाइन ठगी की राशि जमा कराते थे। इसके बाद यह राशि विभिन्न तरीके से अन्य खातों में ट्रांसफर की जाती थी।
पुलिस ने अन्य दो साथियों को भी गिरफ्तार किया। आशुतोष शर्मा 23 वर्षीय निवासी गोधनपुर और विकास किर्तनिया 26 वर्षीय निवासी चठिरमा को आरोप के साथ हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 317(4), 61(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। सीएसपी राहुल बंसल ने बताया कि जब्त बैंक खातों में हुए लेन-देन का डिटेल निकाला जा रहा है। शुरुआती जांच में यह पता चला है कि इन खातों में ऑनलाइन फ्रॉड के लाखों रुपए जमा किए गए थे। पुलिस आगे की कार्रवाई में इस गिरोह द्वारा किए गए सभी लेन-देन का क्रमिक रूप से पता लगाएगी और सभी संबंधित अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान जारी रखा जाएगा। इस गिरफ्तारी से म्यूल अकाउंट के माध्यम से ऑनलाइन ठगी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और आम जनता को वित्तीय धोखाधड़ी से बचाने की दिशा में पुलिस की कार्यवाही को सशक्त माना जा रहा है।