Khairagarh. खैरागढ़। जिले में शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ खैरागढ़ थाना पुलिस ने दो अलग-अलग घटनाओं में सख्त कार्रवाई करते हुए कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चाकू लेकर लोगों को डराने वाले युवक को घेराबंदी कर पकड़ा, वहीं गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान उपद्रव मचाने वाले छह युवकों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
चाकू लेकर घूम रहे आरोपी की गिरफ्तारी
पहली घटना में पुलिस को सूचना मिली कि शुभम यादव पिता जग्गू यादव (24 वर्ष), निवासी ठाकुरपारा वार्ड 05, खैरागढ़, चाकू लेकर लोगों को डराने की नीयत से घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से प्लास्टिक हैंडल वाला स्टील का चाकू बरामद किया गया। आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गणेश विसर्जन जुलूस में उपद्रव करने वालों पर कार्रवाई
दूसरी घटना गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान सामने आई। जुलूस के दौरान कुछ युवकों ने जानबूझकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें समझाइश दी, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने लक्की यादव, अजय यादव, मनीष यादव, गजेन्द्र कुमार कश्यप, फनीस रजक और गजेन्द्र पटेल को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई और उन्हें अनुविभागीय दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया।
शांति व्यवस्था बनाए रखने की प्रतिबद्धता
थाना प्रभारी ने बताया कि त्योहारों के समय कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। पुलिस लगातार निगरानी कर रही है और किसी भी असामाजिक गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई करेगी। जुलूस जैसे सार्वजनिक आयोजनों में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन सजग है। साथ ही, आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की गई है कि वे असामाजिक तत्वों की जानकारी पुलिस को दें। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है। त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहने से लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस द्वारा समय रहते कार्रवाई करने से शहर में तनाव फैलने से बचा। साथ ही, पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।