तिल्दा नेवरा में बेटे ने की पिता की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-05-26 14:57 GMT
Raipur. रायपुर। रायपुर ग्रामीण जिले के तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने घरेलू विवाद के चलते अपने ही पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, यह घटना 25 मई 2026 की रात लगभग 9 बजे वार्ड क्रमांक 04 की है। आरोपी बीरेन्द्र कोठारी उर्फ राजू और उसके पिता संतू कोठारी के बीच शराब पीने और घर में अन्य लोगों को बुलाकर शराब सेवन कराने की बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और स्थिति हिंसक हो गई।

विवाद के दौरान आक्रोशित होकर आरोपी पुत्र ने घर में रखे लकड़ी के डंडे से अपने पिता पर हमला कर दिया। इस हमले में संतू कोठारी के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने की कोशिश भी की। उसने घटनास्थल की साफ-सफाई कर मृतक को खाट पर लिटा दिया, ताकि मामला सामान्य मौत जैसा प्रतीत हो सके। हालांकि पुलिस की जांच में मामला संदिग्ध पाया गया और सख्ती से पूछताछ के बाद पूरा सच सामने आ गया। सूचना मिलते ही तिल्दा नेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

मर्ग पंचनामा, शव परीक्षण एवं घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक भौतिक साक्ष्य भी जब्त किए। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी बीरेन्द्र कोठारी उर्फ राजू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 227/2026, धारा 103(1) और 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार में पहले भी विवाद की स्थिति बनी रहती थी, लेकिन इस तरह की घटना की किसी ने कल्पना नहीं की थी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
Tags:    

Similar News