छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का ऐतिहासिक समापन कल, अमित शाह करेंगे राज्य अलंकरण सम्मान
डिप्टी CM अरुण साव का बड़ा बयान
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 3 नवंबर को छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे और नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली चयनित हस्तियों को राज्य अलंकरण सम्मान प्रदान किया जाएगा।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री के आगमन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 3 नवंबर का दिन छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक और यादगार होने वाला है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, "केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 3 नवंबर को आ रहे हैं। वे राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर राज्य अलंकरण के लिए चयनित विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे में राज्योत्सव के समापन अवसर पर उनका आगमन प्रदेश के लिए विशेष महत्व रखता है। डिप्टी सीएम साव ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री के हाथों विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान होना गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ के इतिहास में यादगार अवसर के रूप में दर्ज होगा।
राज्योत्सव के समापन समारोह में राज्य की संस्कृति, परंपराओं और उपलब्धियों की झलक भी देखने को मिलेगी। राज्य अलंकरण समारोह के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले व्यक्तियों की उपलब्धियों को सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए राज्योत्सव के समापन समारोह का राजनीतिक और प्रशासनिक महत्व भी बढ़ गया है।