ड्राई डे पर अवैध शराब व नशीली गोली के साथ तस्कर गिरफ्तार, 20 पेटी शराब जब्त
छग
Raipur. रायपुर। गणतंत्र दिवस और ड्राई डे के अवसर पर राजधानी रायपुर में कमिश्नरी प्रणाली के तहत क्राइम ब्रांच और विभिन्न थाना प्रभारी लगातार अवैध शराब, नशीली गोली, कफ सिरप और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ छापेमारी कर रहे हैं। इस क्रम में आज पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लगभग 20 से 25 पेटी अवैध शराब जब्त की। वहीं, गंज थाना क्षेत्र में नशीली गोली बेचने वाले एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया। सूत्रों के अनुसार, क्राइम ब्रांच में नए थाना प्रभारी आने के बाद पुलिस कार्रवाई में बदलाव देखने को मिल रहे हैं। टीम सजग और सुदृढ़ता से अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ अभियान चला रही है। आज सिविल लाइन, कोतवाली, तेलीबांधा, खरोरा, डीडी नगर और विधानसभा थाना क्षेत्रों में विशेष छापेमारी कर अवैध शराब के साथ कई तस्करों को पकड़ा गया।
मामले के संक्षिप्त विवरण के अनुसार, शासन द्वारा घोषित ड्राई डे के दिनांक 26.01.2026 को भाठागांव शीतला मंदिर चौक के पास एक युवक अवैध रूप से शराब बेचते हुए पाया गया। मुखबीर से प्राप्त सूचना के आधार पर प्र.आ. 1826 हमराह पेट्रोलिंग स्टाफ ने मौके पर घेराबंदी की। युवक को पकड़ने पर उसके घर से एक सफेद रंग के प्लास्टिक के बोरे में 70 पौवा शोले देशी मसाला मदिरा और बिक्री के लिए रखी नगदी राशि 2,240 रुपये बरामद हुई। अभियान के दौरान पकड़े गए आरोपी की पहचान सुभाष सोनकर पिता दिनेश सोनकर, उम्र 30 वर्ष, निवासी शीतला चौक, भाठागांव, थाना पुरानी बस्ती के रूप में हुई। आरोपी के कब्जे से जब्त अवैध शराब की कीमत 8,400 रुपये आंकी गई, जबकि नगदी राशि 2,240 रुपये मिली। कुल जप्त माल की कीमत 10,640 रुपये बताई गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई है।
रायपुर पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान टीम ने थाना क्षेत्रों में निगरानी और पैदल पेट्रोलिंग को बढ़ाया। इसके अलावा, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी सघन जांच की गई। क्राइम ब्रांच और संबंधित थाना प्रभारी ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विशेष रणनीति अपनाई, जिससे अवैध शराब और मादक पदार्थ बेचने वालों को दबोचना आसान हुआ। पुलिस अधीक्षक रायपुर ने बताया कि ड्राई डे पर ऐसे तस्करों के खिलाफ कार्रवाई जरूरी थी ताकि कानून-व्यवस्था कायम रहे और सार्वजनिक स्थानों पर शराब बिक्री रोकने में मदद मिले। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध शराब, नशीली गोली, कफ सिरप और अन्य मादक पदार्थों के नेटवर्क की जांच तेज कर दी है। अधिकारीयों ने बताया कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी समान अभियान जारी रहेगा। रायपुर में इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद पुलिस सजग और सक्रिय हो गई है। अवैध शराब व मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान से न केवल कानून-व्यवस्था बनी रहेगी, बल्कि नागरिकों के बीच सुरक्षा और जागरूकता भी बढ़ेगी।