उधारी में गुटखा देने से किया इनकार तो दुकानदार पर हमला

छग

Update: 2025-11-01 16:52 GMT
Raipur. रायपुर। खरोरा थाना क्षेत्र के ग्राम बेलदार सिवनी में शुक्रवार को एक किराना दुकानदार के साथ उधारी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दो युवकों ने दुकानदार को गालियां देते हुए जमकर मारपीट कर दी। घटना शाम करीब 4.30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित दुकानदार ग्राम बेलदार सिवनी निवासी है और वार्ड क्रमांक 07 मंदिर चौक के पास रहता है। उसने बताया कि वह गोपाल किराना दुकान नाम से अपनी दुकान चलाता है। शुक्रवार की शाम करीबन 4.30 बजे वह दुकान में बैठा था, तभी कमलेश बेलदार उर्फ भुरू और भोंदू धीवर नाम के दो युवक वहां पहुंचे। दोनों ने उधारी में गुटखा मांगने की बात कही। जब दुकानदार ने उधारी देने से मना किया तो आरोपी गुस्से में आ गए और उसे मां-बहन की गंदी गालियां देने लगे।

विवाद बढ़ने पर दोनों ने दुकानदार पर हाथ-मुक्के से हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार, मारपीट में उसके बाएं हाथ की कलाई, बाएं कान के पास, बाएं पैर के घुटने और दाहिने कंधे व पसली में चोट आई है। इस झगड़े के दौरान दुकान में रखे चॉकलेट और बिस्कुट के डिब्बे भी नीचे गिर गए और नुकसान हुआ। बताया गया कि झगड़े के समय दुकानदार का बेटा भूपेन्द्र वर्मा बीच-बचाव करने पहुंचा, जिसके बाद दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। घटना के चश्मदीद गवाहों में डोमर यादव और ईश्वरी वर्मा के नाम शामिल हैं, जिन्होंने पूरी घटना को देखा और सुना।

पीड़ित दुकानदार ने खरोरा थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में उसने बताया कि घटना की जानकारी पूरी तरह उसके बताए अनुसार दर्ज की गई है और अब वह पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि आरोपियों ने मामूली उधारी विवाद को लेकर गाली-गलौच और हमला किया। खरोरा थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपियों कमलेश बेलदार और भोंदू धीवर की तलाश जारी है, और जल्द ही दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी। घटना से गांव में तनाव का माहौल बन गया है, जबकि स्थानीय लोगों ने भी ऐसे गुंडागर्दी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Tags:    

Similar News