Mahasamund. महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में दीपावली की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम कुकराडीह में कंवर समाज के सामाजिक भवन की सफाई कर रही महिला पंच कालंद्री दीवान (35) की करंट लगने से मौत हो गई। महिला भवन की ऊपरी दीवार की सफाई करने के लिए लोहे की सीढ़ी पर चढ़ी थीं। इसी दौरान छत के पास से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गईं। तेज करंट लगने से वह सीढ़ी से नीचे गिर गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण उन्हें तत्काल
अस्पताल
लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, महासमुंद जिला मुख्यालय से लगभग 18 किलोमीटर दूर ग्राम कुकराडीह में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे यह हादसा हुआ। गांव की भाग्यलक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह की 10 महिलाएं दीपावली से पहले कंवर समाज के सामाजिक भवन की साफ-सफाई करने पहुंची थीं। इनमें वार्ड क्रमांक-3 की पंच कालंद्री दीवान भी शामिल थीं। सभी महिलाएं मिलकर भवन की सफाई और पोताई का काम कर रही थीं।
लोहे की सीढ़ी पर चढ़कर कर रही थीं सफाई
बताया जा रहा है कि कालंद्री दीवान भवन की ऊपरी दीवार की सफाई करने के लिए लोहे की सीढ़ी लगाकर ऊपर चढ़ी थीं। इसी दौरान वह भवन की छत के पास से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन के संपर्क में आ गईं। बिजली का तेज झटका लगते ही वह सीढ़ी से नीचे गिर पड़ीं। घटना के बाद वहां मौजूद महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। गंभीर हालत में कालंद्री दीवान को निजी वाहन से महासमुंद अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बिजली विभाग पर लापरवाही का गंभीर आरोप
इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। गांव के पूर्व सरपंच जीवनलाल साहू ने आरोप लगाया कि सामाजिक भवन के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की ऊंचाई काफी कम थी। इसकी जानकारी बिजली विभाग के अधिकारियों को पहले भी दी जा चुकी थी। पूर्व सरपंच के अनुसार, बिजली लाइन को सुरक्षित ऊंचाई पर करने के लिए कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें की गई थीं, लेकिन विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई की जाती तो इस दर्दनाक हादसे को रोका जा सकता था। हालांकि, इन आरोपों पर बिजली विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
राशन रखने के बदले समूह को मिली थी सफाई की जिम्मेदारी
जानकारी के मुताबिक, भाग्यलक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह गांव की सरकारी राशन दुकान का संचालन करता है। राशन दुकान तक बड़े वाहनों की पहुंच नहीं होने के कारण सार्वजनिक वितरण प्रणाली का राशन कंवर समाज के सामाजिक भवन में रखा जाता था। भवन का उपयोग करने के बदले समाज की ओर से समूह की महिलाओं को दीपावली से पहले भवन की सफाई और पोताई करने के लिए कहा गया था। इसी जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए सोमवार को समूह की महिलाएं वहां पहुंची थीं। लेकिन सफाई के दौरान हुए हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया।
पांच साल की बेटी और तीन साल के बेटे से छिना मां का प्यार
कालंद्री दीवान की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके परिवार में पांच साल की बेटी और तीन साल का बेटा है। दोनों मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। महिला पंच की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों में हादसे को लेकर गहरी नाराजगी है। उन्होंने बिजली लाइन की स्थिति और पूर्व में की गई शिकायतों की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद तुमगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अब पुलिस जांच में हादसे की परिस्थितियों और बिजली लाइन से जुड़े सुरक्षा इंतजामों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। वहीं, ग्रामीण बिजली विभाग से जवाबदेही तय करने और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
Tags: