Rajnandgaon. राजनांदगांव। देशी शराब दुकान में बिना पैसे दिए शराब की बोतल मांगने और सेल्समैन के इनकार करने पर विवाद इतना बढ़ गया कि दो युवकों ने कथित तौर पर धारदार चाकू से उस पर हमला कर दिया। हमले में सेल्समैन के चेहरे और नाक के पास चोट आई है। घटना की शिकायत मिलने के बाद बसंतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, ग्राम मुड़िया मोहारा निवासी चन्द्रेश कुमार सिन्हा देशी शराब दुकान में सेल्समैन के रूप में काम करता है। उसने बसंतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 10 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे वह अपने सहकर्मियों के साथ दुकान में ग्राहकों को शराब बेच रहा था।
इसी दौरान भरत उर्फ सोनू साहू और उसका साथी रोशन साहू दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने बिना पैसे दिए शराब की बोतल मांगी। सेल्समैन ने मुफ्त में शराब देने से इनकार किया तो दोनों उससे विवाद करने लगे। शिकायत के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज की और अपने पास रखे धारदार चाकू से सेल्समैन के चेहरे एवं नाक के पास वार कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद मामले की सूचना बसंतपुर पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 417/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(2), 119(1), 118(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश के लिए टीम को लगाया गया। बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और दोनों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय भरत उर्फ सोनू साहू और 23 वर्षीय रोशन साहू के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी कौशलेश देवांगन सहित बसंतपुर थाने के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।