Mahasamund. महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर एक बार फिर भीषण सड़क हादसा सामने आया है। मरीज को इलाज के बाद ओडिशा लेकर जा रही तेज रफ्तार एंबुलेंस देवाशीष स्कूल के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं और एक पुरुष घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। मिली जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 में मरीज और अन्य लोग सवार थे।

एंबुलेंस मरीज को लेकर ओडिशा जा रही थी। इसी दौरान बागबाहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर देवाशीष स्कूल के पास एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग हादसे का शिकार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस में सवार मरीज सहित अन्य लोग ओडिशा के रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

पिछले महीने भी दो महिलाओं की गई थी जान
महासमुंद जिले में सड़क हादसों की यह पहली घटना नहीं है। पिछले महीने 23 तारीख को भी पटेवा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर भीषण दुर्घटना हुई थी। बावनकेरा चौक-झलप के पास तेज रफ्तार कार ओवरटेक करने के दौरान ट्रक के पीछे जा घुसी थी। इस हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। जानकारी के मुताबिक, राजनांदगांव के मोतीपुर निवासी अमीन खान अपने बेटे की बारात लेकर खपरीखुर्द गए थे। शादी समारोह संपन्न होने के बाद परिवार के लोग कार से वापस राजनांदगांव लौट रहे थे। इसी दौरान बावनकेरा चौक-झलप के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया गया था कि कार तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान ओवरटेक करने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे ट्रक के पीछे जा घुसी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने तत्काल पटेवा पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को महासमुंद मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक की तलाश शुरू की थी। मृत महिलाओं की पहचान और अन्य घायलों के नामों की पुष्टि की प्रक्रिया भी जारी थी।

लगातार हादसों से चिंता
महासमुंद जिले में पिछले महीने और अब राष्ट्रीय राजमार्गों पर हुए इन दोनों हादसों में कुल चार महिलाओं की जान जा चुकी है। एक ओर शादी समारोह से लौट रहे परिवार की खुशियां हादसे के बाद मातम में बदल गईं, वहीं दूसरी ओर मरीज को इलाज के बाद ओडिशा ले जा रही एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ताजा हादसे में बागबाहरा पुलिस जांच में जुटी है। एंबुलेंस खड़ी ट्रक से किन परिस्थितियों में टकराई, इसका पता लगाया जा रहा है। वहीं हादसे में घायल लोगों का उपचार जारी है।
Tags: