अपोलो अस्पताल मार्ग पर सड़क निर्माण पूरा, बीच में छोड़ा कलवर्ट बना खतरा

छग

Update: 2026-05-20 17:07 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। लिंगियाडीह चौक से अपोलो अस्पताल जाने वाले बहुप्रतीक्षित सड़क चौड़ीकरण और डामरीकरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। नई चौड़ी सड़क बनने से जहां क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से राहत मिली है, वहीं सड़क के बीच छोड़ा गया पुलिया का कलवर्ट अब लोगों के लिए चिंता का कारण बन गया है। इस मार्ग पर पहले सड़क बेहद संकरी थी और अतिक्रमण के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती थी। सबसे अधिक परेशानी एंबुलेंस और गंभीर मरीजों को होती थी, जो ट्रैफिक में फंसकर समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते थे। लगातार मांग के बाद सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया गया था, जो अब लगभग पूरा हो चुका है और डामरीकरण भी कर दिया गया है।
हालांकि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद एक गंभीर तकनीकी खामी सामने आई है। चौड़ीकरण के दौरान बीच सड़क पर स्थित पुरानी पुलिया के कलवर्ट को पूरी तरह हटाने के बजाय उसका एक हिस्सा सड़क के बीच में ही छोड़ दिया गया है। यह संरचना अब सीधे सड़क के बीच खड़ी नजर आती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ी होने के बाद इस मार्ग पर वाहनों की गति बढ़ गई है। ऐसे में यदि किसी वाहन चालक को रात के समय यह अवरोध समय रहते नजर नहीं आया तो बड़ा हादसा हो सकता है। पहले लगाए गए रेडियम संकेतक भी अब उखड़ चुके हैं, जिससे स्थिति और अधिक जोखिमपूर्ण हो गई है।
नागरिकों का कहना है कि आधुनिक सड़क निर्माण में इस तरह बीच मार्ग में कलवर्ट का हिस्सा छोड़ देना इंजीनियरिंग की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है। यह मामला अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि तकनीकी निरीक्षण के बावजूद ऐसी चूक कैसे हो गई। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। जब तक पुलिया का यह हिस्सा पूरी तरह हटाया नहीं जाता, तब तक यहां मजबूत संकेतक, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं ताकि वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से खतरे का संकेत मिल सके। लोगों का कहना है कि रात के समय इस हिस्से पर दुर्घटना की आशंका अधिक रहती है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो यह स्थान किसी बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकता है। फिलहाल क्षेत्रवासियों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है और सभी जल्द स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
Tags:    

Similar News