कोण्डागांव में सही दवा शुद्ध आहार अभियान शुरू

छग

Update: 2026-04-28 15:16 GMT
Kondagaon. कोण्डागांव। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर कोण्डागांव जिले में “सही दवा शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के तहत 15 दिवसीय सघन जांच अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 27 अप्रैल 2026 से 11 मई 2026 तक चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य एवं औषधि उपलब्ध कराना है। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में यह अभियान जिलेभर में सक्रिय रूप से संचालित किया जा रहा है।
अभियान के प्रभावी संचालन के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग का संयुक्त दल गठित किया गया है। यह दल अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर दुकानों, ठेलों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रहा है। अभियान के पहले दिन 27 अप्रैल को औषधि जांच दल ने जिले की 6 कॉस्मेटिक दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को क्रय-विक्रय से जुड़े दस्तावेजों को व्यवस्थित रखने, एक्सपायर्ड कॉस्मेटिक उत्पादों को अलग रखने और उत्पादों में बैच नंबर सहित आवश्यक जानकारी की जांच कर खरीदारी करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान विकास नगर स्थित माजिसा एजेंसी से एक कॉस्मेटिक उत्पाद का सैंपल लेकर राज्य परीक्षण प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया।
वहीं खाद्य जांच दल ने शहर के विभिन्न गुपचुप ठेला, मोमो सेंटर, चाट कॉर्नर और डोसा सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य विक्रेताओं को साफ-सफाई बनाए रखने, व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने और खाद्य पदार्थों के निर्माण में सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से उन्हें हाथों में ग्लव्स, सिर पर कैप और एप्रन का उपयोग करने की सलाह दी गई। जांच के दौरान यह भी निर्देशित किया गया कि खाद्य सामग्री में उपयोग होने वाले कच्चे पदार्थ जैसे प्याज और टमाटर को ताजा काटकर ही इस्तेमाल किया जाए। साथ ही खाद्य रंगों के उपयोग को निर्धारित मानकों के अनुसार रखने के निर्देश दिए गए, जिसमें 100 पीपीएम यानी 1 ग्राम प्रति 10 किलोग्राम खाद्य सामग्री की सीमा निर्धारित है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान लगातार 15 दिनों तक चलेगा, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई जारी रहेगी। इस पहल के जरिए प्रशासन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि आम लोगों तक सुरक्षित, स्वच्छ और मानक के अनुरूप खाद्य एवं औषधि सामग्री पहुंचे। साथ ही दुकानदारों और विक्रेताओं को नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। फिलहाल अभियान जारी है और प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। आने वाले दिनों में और भी स्थानों पर जांच की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर कार्रवाई को और तेज किया जाएगा।
Tags:    

Similar News