Mahasamund. महासमुंद। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की पहल “आपकी पूंजी आपका अधिकार” अभियान के तहत नागरिकों को उनके निष्क्रिय या बिना दावे वाली वित्तीय संपत्तियों को वापस पाने में मदद करने के लिए महासमुंद में विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। यह अभियान विशेष रूप से उन लोगों के लिए है जिन्होंने पुराने बैंक खातों में पैसा जमा किया था और समय के साथ उन खातों को भूल गए। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अभय पारे ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को उनके निष्क्रिय बैंक खाते,
बीमा पॉलिसी
, निवेश या अन्य वित्तीय संपत्तियों को वापस पाने में सहायता करना है। यह अभियान दिसंबर 2025 तक चलेगा और तीन चरणों में कार्य करेगा। श्री पारे ने बताया कि अभियान का पहला चरण जागरूकता फैलाने पर केंद्रित है, ताकि लोग जान सकें कि उनके खाते निष्क्रिय हैं और उन्हें वापस पाने का अधिकार है।

दूसरा चरण बैंक शाखाओं में जाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करने का है। तीसरे चरण में केवाईसी और सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ब्याज सहित राशि खाता धारक को लौटाई जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान में वित्तीय सेवा विभाग द्वारा समन्वित बैंकों, बीमा कंपनियों और स्टॉक एक्सचेंज सहित कई संस्थान शामिल हैं। इसके अंतर्गत खाता धारक किसी भी बैंक शाखा में जाकर फॉर्म जमा कर सकते हैं, चाहे वह उनकी नियमित शाखा न भी हो। आवेदन के साथ पहचान के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट, मतदाता पहचान पत्र या ड्राइविंग लाइसेंस की प्रतियां आवश्यक होंगी। इस पहल को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए जिला पंचायत के सभा कक्ष में 21 नवंबर को सुबह 10 बजे से एक विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में सरकारी और गैर सरकारी दोनों प्रकार के खाता धारक भाग ले सकते हैं।

अपने निष्क्रिय खाते या अन्य वित्तीय संपत्तियों को पुनः प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। श्री पारे ने सभी खाता धारकों से अपील की है कि वे आवश्यक केवाईसी दस्तावेजों के साथ शिविर में जरूर पहुंचे और इस अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान खाता धारकों को उनके पुराने निवेश, निष्क्रिय बैंक खाते और अन्य वित्तीय संपत्तियों के बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी और उन्हें उचित मार्गदर्शन मिलेगा। आरबीआई के इस अभियान से कई नागरिक अपनी जमा पूंजी, ब्याज सहित वापस पा सकेंगे। विशेषज्ञों का कहना है कि यह पहल न केवल आर्थिक सुरक्षा बढ़ाने में मदद करेगी बल्कि नागरिकों में वित्तीय जागरूकता और बैंकिंग सेवाओं के प्रति विश्वास भी मजबूत करेगी। अभियान का उद्देश्य लोगों को उनके हक के प्रति जागरूक करना और उनके निष्क्रिय खातों की जानकारी पहुंचाना है, ताकि किसी भी वित्तीय संपत्ति का नुकसान न हो।
Tags: