डोंगरगढ़। चैत्र नवरात्रि पर्व की पंचमी को छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में नीचे माँ बम्लेश्वरी देवी के दर्शन करने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से चर्चा की। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए डॉ. रमन ने कहा कि, राहुल गांधी को भारतीय जनता पार्टी ने नहीं सुनाई है और ना ही भाजपा ने उनकी सदस्यता समाप्त की है। उनको सजा गुजरात की हाइकोर्ट ने सुनाई है और सुप्रीम कोर्ट की गाईड लाईन के अनुसार स्वतः ही समाप्त हुई है। अब इसके लिए कांग्रेस पार्टी भाजपा को दोषी ठहराती है तो ये उनकी मर्जी। डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को घोषणावीर कहते हुए कहा कि चुनाव सामने आया तो प्रदेश की जनता को ठगने के लिए लोक लुभावन घोषणाएं कर रहे हैं। इसके पूर्व चार साल में उन्हें ना तो प्रदेश की जनता की सुध आई और ना ही किसानों, कर्मचारियों और पत्रकारों की। 

उल्लेखनीय है कि, 22 मार्च से प्रारंभ चैत्र नवरात्रि पर्व की पंचमी रविवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह डोंगरगढ में विराजित शक्तिपीठ माँ बम्लेश्वरी देवी के दरबार पहुंचे। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी डॉ. रमन सिंह दर्शन करने तो पहुंचे, लेकिन इस वर्ष ऊपर पहाड़ी पर विराजित माँ भगवती के दर्शन नहीं कर नीचे माँ बम्लेश्वरी देवी के दरबार पहुंचे और विधिविधान से पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। 

Tags: