चाकू दिखाकर दहशत फैलाने वाला गुण्डा बदमाश राजेश सिसोदिया गिरफ्तार

छग

Update: 2026-02-01 13:30 GMT
Raipur. रायपुर। थाना धरसींवा क्षेत्र में चाकू दिखाकर धमकी देने और शराब दुकान में जबरन घुसकर दहशत फैलाने वाले कुख्यात गुण्डा बदमाश राजेश सिसोदिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी जप्त किया गया है। राजेश सिसोदिया थाना धरसींवा का नामचीन गुण्डा बदमाश है, जिसके खिलाफ मारपीट, बलवा, चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और नारकोटिक एक्ट सहित एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में कई बार जेल जा चुका है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी हेमन्त साहू ने पुलिस सहायता केन्द्र सिलतरा चौकी थाना धरसींवा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हेमन्त साहू ग्राम सिलतरा का निवासी है और अंग्रेजी शराब दुकान, ग्राम सिलतरा में सेल्समेन के रूप में कार्यरत है। दिनांक 01 फरवरी 2026 को वह प्रतिदिन की तरह सुबह लगभग 10 बजे दुकान खोलकर शराब की बिक्री कर रहा था।
दोपहर करीब 12 बजे सिलतरा शिकारीपारा निवासी राजेश सिसोदिया शराब दुकान का दरवाजा जबरन खोलकर अंदर घुस आया। आरोपी ने दुकान में घुसते ही प्रार्थी से पैसे और शराब की मांग शुरू कर दी। जब प्रार्थी हेमन्त साहू ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसे अश्लील गालियां देते हुए अपनी कमर में छिपाए हुए चाकू को निकालकर दिखाया और जान से मारने की धमकी देने लगा। इस हरकत से दुकान में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रार्थी ने किसी तरह अपने सुपरवाइजर को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के विरुद्ध थाना धरसींवा में अपराध क्रमांक 70/26 धारा 119(1), 296, 333, 351(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण, थाना प्रभारी धरसींवा एवं चौकी प्रभारी सिलतरा को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चौकी प्रभारी सिलतरा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने प्रार्थी और उसके सुपरवाइजर से विस्तृत पूछताछ की और आरोपी के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। इसके बाद सिलतरा और आसपास के क्षेत्रों में लगातार दबिश दी गई। कड़ी मेहनत के बाद पुलिस ने आरोपी राजेश सिसोदिया को उसके छिपने के स्थान से पकड़ लिया।
पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने शराब दुकान में घुसकर चाकू दिखाकर धमकी देने की घटना को स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक नग चाकू जप्त किया गया है और उसे विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राजेश सिसोदिया थाना धरसींवा का पुराना गुण्डा बदमाश है। उसके खिलाफ पहले से ही मारपीट, बलवा, चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और नारकोटिक एक्ट सहित एक दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने के कारण वह क्षेत्र में भय का माहौल बनाने की कोशिश करता रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
Tags:    

Similar News