Raipur. रायपुर। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए राजधानी में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नॉर्थ जोन पुलिस ने आपराधिक एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के मामले में एक आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट और धारदार हथियार रखने वाले एक आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा आठ बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के नॉर्थ जोन में 1 सितंबर को थाना खम्हारडीह, उरला, पंडरी, गुढ़ियारी और खमतराई क्षेत्र में अभियान चलाया गया। पुलिस के मुताबिक आगामी त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की आपराधिक या असामाजिक गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आदित्य पांडे के नेतृत्व में की गई। एसीपी उरला पूर्णिमा लामा और एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में संबंधित थानों की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की।
धारदार हथियार रखने वाले आरोपी पर कार्रवाई
गुढ़ियारी थाना पुलिस ने धारदार हथियार रखने के मामले में जुगनू साहू उर्फ गोलू पिता स्वर्गीय जोशी राम साहू उम्र 35 वर्ष निवासी शुक्रवारी बाजार गुढ़ियारी के खिलाफ कार्रवाई की है। आरोपी के विरुद्ध थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 382/2026 दर्ज कर धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने और लोगों में भय पैदा करने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित थाना प्रभारियों को दिए गए हैं।
उरला में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
इसी अभियान के तहत उरला थाना पुलिस ने आबकारी एक्ट के मामले में राजू भारती पिता सुदेराम भारती उम्र 47 वर्ष निवासी अटल आवास उरला के खिलाफ कार्रवाई की। आरोपी के विरुद्ध थाना उरला में अपराध क्रमांक 417/2026 दर्ज किया गया है। मामले में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
आठ बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
नॉर्थ जोन के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आठ बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। खम्हारडीह थाना पुलिस ने क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चार बदमाशों के खिलाफ धारा 170/126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की। वहीं पंडरी थाना पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस के तहत दो बदमाशों पर कार्रवाई की। खमतराई थाना पुलिस ने भी इसी धारा के तहत दो बदमाशों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इस तरह नॉर्थ जोन में कुल आठ बदमाश पुलिस की कार्रवाई के दायरे में आए हैं। नॉर्थ जोन पुलिस के मुताबिक त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ाई जा रही है। आपराधिक और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति भंग करने, अवैध हथियार रखने और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Tags: