Raipur रायपुर। गणेश विसर्जन झांकियों के सुरक्षित और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने 23 सितंबर को दोपहर 3 बजे C-4 भवन में गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में रायपुर कमिश्नरेट के विभिन्न जोन, क्राइम और यातायात विभाग के डीसीपी एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ जिला प्रशासन, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और SDRF के अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों को विसर्जन झांकियों के लिए निर्धारित मार्ग, समय और क्रम का पालन करने के निर्देश दिए। झांकियों को अनावश्यक रूप से रास्ते में नहीं रोकने और प्रत्येक समिति को पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स तैनात करने के लिए कहा गया। वॉलंटियर्स की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उन्हें आवश्यक पहचान पत्र या अन्य पहचान उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में आयोजकों को स्पष्ट किया गया कि विसर्जन के दौरान नशे का सेवन नहीं किया जाए। किसी भी व्यक्ति के पास हथियार या धारदार वस्तु नहीं होनी चाहिए। ध्वनि विस्तारक यंत्र और डीजे का उपयोग निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखने और पीछे से आने वाली दूसरी झांकियों के आवागमन में बाधा नहीं डालने को कहा गया। पुलिस और यातायात व्यवस्था में तैनात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने पर भी आयोजकों ने सहमति जताई। बैठक में सदर बाजार क्षेत्र में मौजूद जर्जर भवनों को लेकर विशेष चर्चा हुई। पुलिस, नगर निगम और SDRF के अधिकारियों ने झांकियों के गुजरने के दौरान इन भवनों से संभावित सुरक्षा जोखिमों के बारे में आयोजकों को जानकारी दी।
सुरक्षा को देखते हुए विसर्जन झांकियों के मार्ग में बदलाव का प्रस्ताव भी रखा गया। अधिकारियों ने आयोजकों से चर्चा कर इस पर सहमति बनाने का प्रयास किया, लेकिन गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों ने प्रस्तावित रूट परिवर्तन पर असहमति जताई। इसके बाद सदर बाजार से झांकियां गुजरने के दौरान सुरक्षा के लिए कुछ विशेष सावधानियां बरतने पर सहमति बनी। आयोजकों ने ध्वनि यंत्रों की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा बेस और वाइब्रेशन मोड बंद रखने की बात स्वीकार की। इसके साथ ही पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और SDRF की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारू यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी गणेश उत्सव समितियों से अपने पदाधिकारियों और वॉलंटियर्स को दिशा-निर्देशों की जानकारी देने तथा विसर्जन के दौरान पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।