Raipur रायपुर। राजधानी में नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान यातायात पुलिस को चोरी की एक एक्टिवा स्कूटी बरामद करने में सफलता मिली है। राजेंद्र नगर अंडरब्रिज के पास लावारिस हालत में खड़ी एक्टिवा को लेकर संदेह होने पर पुलिस ने जांच की तो पता चला कि वाहन जुलाई 2026 में चोरी हुआ था। चोरी के संबंध में सिविल लाइन थाने में पहले से मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत यातायात थाना पचपेड़ीनाका प्रभारी गोविंद यादव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में पेट्रोलिंग और यातायात व्यवस्था संभालने निकले थे।
टीम जब राजेंद्र नगर अंडरब्रिज के पास स्थित सीजी-04 रेस्टोरेंट के सामने पहुंची तो वहां नो-पार्किंग में कई वाहन खड़े मिले। यातायात पुलिस ने लाउडस्पीकर के माध्यम से वाहन मालिकों को अपनी गाड़ियां हटाने के लिए कहा। इसी दौरान एक्टिवा क्रमांक CG 04 HM 5662 के मालिक को भी कई बार अनाउंसमेंट कर बुलाया गया, लेकिन काफी देर तक कोई व्यक्ति वाहन हटाने नहीं पहुंचा। एक्टिवा के लावारिस हालत में खड़े होने के कारण यातायात पुलिस को संदेह हुआ। सुरक्षा को देखते हुए टीम वाहन को यातायात थाना पचपेड़ीनाका लेकर पहुंची।
इसके बाद पुलिस ने वाहन पोर्टल के माध्यम से एक्टिवा का रिकॉर्ड निकाला। रिकॉर्ड में वाहन मालिक की पहचान इग्नेश नंद के रूप में हुई। यातायात पुलिस ने उनसे फोन पर संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि उनकी एक्टिवा जुलाई 2026 में चोरी हो गई थी और इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई गई थी। जानकारी मिलने के बाद यातायात पुलिस ने सिविल लाइन थाने से संपर्क कर मामले की पुष्टि की। जांच में सामने आया कि एक्टिवा चोरी के संबंध में सिविल लाइन थाने में 2 जुलाई 2026 को अपराध क्रमांक 367/26 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में मामला दर्ज किया गया था।
चोरी की पुष्टि होने के बाद बरामद एक्टिवा को सुरक्षा की दृष्टि से यातायात थाना पचपेड़ीनाका में रखा गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सिविल लाइन पुलिस को भी विधिवत सूचना दी गई है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करने की अपील की है। इसके साथ ही किसी स्थान पर लंबे समय से लावारिस या संदिग्ध हालत में कोई वाहन दिखाई देने पर पुलिस कंट्रोल रूम या डायल 112 पर सूचना देने को कहा गया है।
Tags: