Raipur. रायपुर। प्रदेश की राजधानी रायपुर में बढ़ती शीतलहर को देखते हुए आम नागरिकों को ठंड से बचाने और त्वरित राहत उपलब्ध कराने के लिए रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा व्यापक स्तर पर अलाव जलाने की व्यवस्था की जा रही है। नगर निगम के सभी जोन कार्यालयों के माध्यम से शहर के लगभग 30 से अधिक प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिदिन नियमित रूप से अलाव जलाए जा रहे हैं, जिससे सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को राहत मिल रही है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, जयस्तम्भ चौक के समीप, रेलवे स्टेशन के पास, मेकाहारा परिसर, पुराना बस स्टैंड पंडरी, महोबा बाजार हॉट बाजार, नेताजी सुभाष स्टेडियम परिसर, बड़ा अशोक नगर, रोटरी नगर, टाटीबंध चौक सहित शहर के विभिन्न भीड़भाड़ वाले और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से अलाव की व्यवस्था की गई है। इससे विशेषकर सुबह और रात के समय ठंड से जूझ रहे राहगीरों, श्रमिकों, फुटपाथ पर रहने वाले लोगों और यात्रियों को राहत मिल रही है। महापौर मीनल चौबे और नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर सभी जोन कमिश्नरों द्वारा जोन स्वास्थ्य अधिकारियों के माध्यम से यह व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
महादेवघाट रायपुरा हनुमान मंदिर के समीप, मेकाहारा परिसर, महोबा बाजार हॉट बाजार, पुराना बस स्टैंड पंडरी, चंगोराभाठा बाजार, ब्रह्मदेईपारा, शिक्षक कॉलोनी डंगनिया, खमतराई चौक, जयस्तम्भ चौक, रायपुर कलेक्टोरेट परिसर के सामने डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल, नेताजी सुभाष स्टेडियम, मोतीबाग, डंगनिया पानी टंकी स्कूल के पास, शंकर नगर चौपाटी, तेलीबांधा तालाब मरीन ड्राइव, अंतरराज्यीय बस स्टैंड भाठागांव, भाठागांव चौक, कुकरीपारा, दूधाधारी मठ मार्ग, सरोना, चंदनीडीह, कबीर नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी फेस-2, हीरापुर चौक सुलभ शौचालय परिसर, कबीर चौक रामनगर, गीतांजलि नगर शंकर नगर, जगन्नाथ चौक रामनगर, प्रियदर्शिनी नगर, मोवा स्थित नगर निगम जोन 9 कार्यालय परिसर, नगर निगम जोन 10 कार्यालय सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। नगर निगम का कहना है कि शीतलहर की पूरी अवधि के दौरान यह व्यवस्था लगातार जारी रहेगी। जोन कार्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रतिदिन अलाव जलाने की व्यवस्था की निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी क्षेत्र में जरूरतमंद व्यक्ति ठंड से परेशान न हों। नगर निगम की इस पहल से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने नगर निगम के इस कदम की सराहना करते हुए कहा है कि यह व्यवस्था गरीब, मजदूर वर्ग और बाहर से आने वाले यात्रियों के लिए बेहद सहायक साबित हो रही है।