Raipur Breaking: पड़ोसी विवाद में महिला पर लोहे की पाइप से हमला, तीन घायल

छग

Update: 2025-11-30 13:14 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी के खपराभट्‌ठी स्थित सारथी पारा में शुक्रवार देर रात आपसी विवाद के दौरान एक महिला पर लोहे की पाइप से हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना में तीन लोग घायल हुए, जिनमें एक वृद्ध महिला भी शामिल है। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोहल्ले में हुई इस घटना से स्थानीय लोग भी दहशत में हैं। शिकायतकर्ता महिला, जो सारथी पारा में अपने भाई पन्ना लाल सोनवानी के साथ रहती हैं और जिनका कोई बाल-बच्चा नहीं है, ने
पुलिस
को बताया कि 29 नवंबर की रात करीब 9 बजे वह अपने घर के पास थीं। उसी दौरान पड़ोस में रहने वाली मंजू सोनवानी उनके भतीजे सिद्धार्थ को गाली-गलौज कर रही थी। महिला ने बताया कि जब उन्होंने मंजू को रोकते हुए पूछा कि वह उनके भतीजे को क्यों अपशब्द कह रही है, तब मंजू अचानक भड़क उठी और विवाद बढ़ गया।

पीड़िता के अनुसार, मंजू सोनवानी ने उन्हें बीच में बोलने पर अपमानजनक, अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मंजू ने लोहे की पाइप उठाई और सीधे उनके सिर पर वार कर दिया। हमले से पीड़िता के सिर पर गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ वहीं बैठ गईं। शोर सुनकर भतीजा सिद्धार्थ की पत्नी सृष्टि सोनवानी और पड़ोस की महिला सुषमा सारथी मौके पर पहुंचीं और पीड़िता को बचाने की कोशिश की। शिकायत में कहा गया है कि दोनों के बीच आने पर मंजू सोनवानी ने उन्हें भी धमकी देते हुए उसी पाइप से हमला किया। इस मारपीट में सृष्टि और सुषमा दोनों के सिर में चोट आई।

घटना को आसपास के कई लोगों ने देखा और बीच-बचाव किया। गम्भीर चोट लगने के बाद तीनों घायलों को तत्काल एम्स रायपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पीड़ित महिलाओं ने लौटकर खपराभट्‌ठी चौकी में विस्तृत रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी गई है और वह मंजू सोनवानी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी छोटे-मोटे विवाद होते रहे हैं, लेकिन इस तरह के हिंसक हमले ने सभी को चौंका दिया है। मामले को लेकर मोहल्ले में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर गवाहों के बयान दर्ज कर लिए हैं। आरोपी महिला के खिलाफ धारा 294, 323, 506 और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तीनों घायल घर पर हैं और उपचार जारी है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा देने की भी मांग की है।
Tags:    

Similar News