Raipur Breaking: खड़ी डस्टर कार को होंडा सिटी कार ने ठोका, बच्ची और बुजुर्ग घायल
देखें VIDEO...
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के कमल विहार सेक्टर-05 में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़ी एक डस्टर वाहन को पीछे से तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि डस्टर वाहन करीब 40 मीटर तक उछल गया। इस घटना का दिल दहला देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, भाठागांव निवासी अनिल शुक्ला अपने परिवार के साथ मंदिर दर्शन के लिए गए थे। उन्होंने अपनी डस्टर कार को सड़क किनारे खड़ा किया था। इसी दौरान कार में बैठे कुछ लोग मंदिर दर्शन के लिए उतर चुके थे। बताया जा रहा है कि डस्टर वाहन में 4 से 5 लोग पहले ही उतर चुके थे।
इसी बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने खड़ी डस्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में डस्टर कार में मौजूद 5 साल की मासूम बच्ची और एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची और बुजुर्ग महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, होंडा सिटी कार का चालक पेशे से डॉक्टर बताया जा रहा है।
हादसे के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को भी अपने कब्जे में ले लिया है, जिसमें पूरी घटना स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। यह मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, जिसमें तेज रफ्तार और लापरवाही प्रमुख कारण माने जा रहे हैं। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर चिंता जताई है और सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है। लोगों का कहना है कि कमल विहार जैसे रिहायशी क्षेत्रों में अक्सर तेज गति से वाहन चलाए जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।