Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था संभालने के साथ अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 13 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया है। रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले यातायात पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किए। इन जवानों ने नियमित ड्यूटी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए गांजा तस्करी, वाहन चोरी और पॉकेटमारी जैसे मामलों में कार्रवाई की। पिछले एक सप्ताह के दौरान छह अलग-अलग मामलों में पुलिसकर्मियों की सतर्कता से आरोपियों को पकड़ने और चोरी के वाहन बरामद करने में सफलता मिली।
28 किलो गांजा के साथ महिला और पुरुष पकड़े गए
15 अक्टूबर को यातायात थाना पचपेड़ी नाका में पदस्थ आरक्षक दबीर खान को इस्कॉन मंदिर के पास एक महिला और पुरुष के संदिग्ध अवस्था में बैग लेकर खड़े होने की सूचना मिली थी। आरक्षक ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान दोनों के पास मौजूद तीन बैगों से लगभग 28 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद आमानाका थाना पुलिस को सूचना देकर दोनों आरोपियों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
चेकिंग के दौरान चोरी की तीन बाइक बरामद
यातायात पुलिस की सतर्कता से तीन अलग-अलग स्थानों पर चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। 15 अक्टूबर को तेलीबांधा में आरक्षक नंदन झा और संजय पाण्डेय ने एक संदिग्ध वाहन चालक को रोकने का प्रयास किया। चालक बाइक छोड़कर फरार हो गया। जांच में वाहन डोंगरगांव से चोरी होना पाया गया। 17 अक्टूबर को पचपेड़ी नाका चौक पर सहायक उपनिरीक्षक दीपेश सिन्हा और आरक्षक नरसिंह देहरी ने संदिग्ध नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल को रोका। चालक दस्तावेज नहीं दिखा सका और मौके से भाग गया। चेसिस नंबर की जांच में बाइक राखी थाना क्षेत्र से चोरी होना पाया गया। इसी तरह 19 अक्टूबर को कमल विहार चौक पर उपनिरीक्षक अशोक तिवारी, प्रधान आरक्षक ओग्य प्रसाद मनहर और आरक्षक प्रेमचंद देवदास ने बिना नंबर प्लेट की बाइक पकड़ी। जांच में वाहन टिकरापारा थाना क्षेत्र से चोरी होना सामने आया।
ई-रिक्शा चोरी कर भाग रहे दो आरोपी गिरफ्तार
18 अक्टूबर की रात करीब 10:20 बजे रेलवे स्टेशन के गेट नंबर दो के पास एक व्यक्ति ने ई-रिक्शा चोरी होने की सूचना यातायात पुलिस को दी। मौके पर तैनात आरक्षक डी. सीमांचल, सैनिक अशोक शर्मा और नव आरक्षक अंकित मिंज ने तत्काल घेराबंदी की। पुलिसकर्मियों ने संजय गांधी चौक के पास से चोरी का ई-रिक्शा लेकर जा रहे अमर कुमार बेहरा और अजय टांडी, दोनों निवासी टिकरापारा, को पकड़ लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों और वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए गंज थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
दशहरा मैदान में पॉकेटमार को रंगे हाथों पकड़ा
20 अक्टूबर को रावणभांटा दशहरा मैदान में भी यातायात पुलिस की सतर्कता सामने आई। बस स्टैंड गेट नंबर एक के पास तैनात प्रधान आरक्षक कृपा शंकर सरोज और आरक्षक विशाल सोरी ने नागरिकों से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए मोबाइल और नकदी चोरी कर रहे एक पॉकेटमार को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए टिकरापारा थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को सौंपा गया।
पुलिस कमिश्नर ने की जवानों की सराहना
सम्मान समारोह में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने यातायात पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, सजगता और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस का प्राथमिक दायित्व सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही ड्यूटी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों को पहचानकर अपराध रोकना बेहतर पुलिसिंग का उदाहरण है। उन्होंने सम्मानित जवानों के कार्यों को पूरे पुलिस बल के लिए प्रेरणादायी बताया। समारोह में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. अर्चना झा सहित यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।