Raipur. रायपुर। खम्हारडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कचना के मण्डलपारा इलाके में एक सड़क दुर्घटना में अज्ञात बछड़े की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। घटना 29 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 12:30 से 12:35 बजे के बीच की बताई जा रही है। इस संबंध में खम्हारडीह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, जिस पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतनाम चौक खम्हारडीह निवासी भूषण साहू (21 वर्ष) ने थाने में आवेदन देकर बताया कि वे बजरंग दल के जिला
प्रचार प्रमुख
हैं। उन्हें ग्राम कचना के कार्यकर्ता नवीन वर्मा द्वारा फोन के माध्यम से सूचना मिली कि पार्षद गोपेश साहू के घर के पास सड़क किनारे बैठे एक अज्ञात बछड़े को कार क्रमांक CG/04/MS/7774 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी, जिससे बछड़े की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलने के बाद भूषण साहू अपने एक अन्य कार्यकर्ता करण सूर्यवंशी के साथ मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने बछड़े को मृत अवस्था में देखा। 
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।


शिकायतकर्ता ने आवेदन में कहा है कि इस घटना से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और संबंधित वाहन चालक एवं मालिक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत के अवलोकन के पश्चात खम्हारडीह थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 एवं 325 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला तेज गति और लापरवाही से वाहन
चलाने का प्रतीत
होता है, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने बताया कि संबंधित कार की पहचान कर ली गई है तथा वाहन चालक और मालिक से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जाएंगे और घटनास्थल का निरीक्षण भी किया गया है। आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में वाहनों की तेज आवाजाही रहती है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से यातायात नियंत्रण और गति सीमा का सख्ती से पालन कराने की मांग की है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे रिहायशी इलाकों में विशेष सतर्कता बरतें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Tags: