Raipur Breaking: फरार सट्टा संचालक लल्ला उर्फ टुम्मन सोनवानी गिरफ्तार

छग

Update: 2025-08-02 13:41 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में सट्टा पट्टी के मामले में फरार चल रहे कुख्यात आरोपी लल्ला उर्फ टुम्मन सोनवानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लल्ला के खिलाफ हत्या, मारपीट, आर्म्स एक्ट, आबकारी, सट्टा सहित कुल 19 मामलों में प्रकरण दर्ज हैं और उसका नाम थाना के गुंडा-बदमाश सूची में भी शामिल है। पुलिस को यह सफलता 2 अगस्त 2025 को मुखबिर की सूचना के आधार पर मिली, जब लल्ला सोनवानी अपने ढाबा में छिपा हुआ मिला। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवा रायपुर श्री विवेक शुक्ला और सीएसपी अटल नगर श्री कर्ण उइके के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के तहत यह गिरफ्तारी की गई।

पुलिस के अनुसार, गोबरा नवापारा थाने में पूर्व में दर्ज अपराध क्रमांक 259/2025 धारा 6(क) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए गए थे। पूछताछ में इन आरोपियों ने अपने मेमोरेंडम कथन में खुलासा किया कि वे लल्ला उर्फ टुम्मन सोनवानी के कहने पर ही सट्टा पट्टी लिखा करते थे। इसके बाद से ही लल्ला सोनवानी फरार चल रहा था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद थाना गोबरा नवापारा की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ढाबा में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में लल्ला सोनवानी ने स्वीकार किया कि वह ही दोनों पूर्व गिरफ्तार आरोपियों को सट्टा लिखवाने का काम सौंपता था। इस आधार पर पुलिस ने अब इस प्रकरण में संगठित अपराध से जुड़ी धारा 112 बीएनएस को भी जोड़ दिया है।

थाना गोबरा नवापारा में लल्ला सोनवानी का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। उस पर दर्ज मामलों में हत्या का एक, आबकारी एक्ट के तीन, मारपीट के तीन, सट्टा पट्टी का एक, आर्म्स एक्ट का एक और प्रतिबंधात्मक कार्यवाही के दस प्रकरण शामिल हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि लल्ला जैसे अपराधियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगेगी और अपराधियों में भय का वातावरण बनेगा। इस रेड कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपेश जायसवाल के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक शाबिर अली, आरक्षक हुलास साहू (आर. 467) और कशान रजा (आर. 2554) की विशेष भूमिका रही। पुलिस विभाग ने टीम को तत्परता के लिए सराहना दी है।
Tags:    

Similar News