Raipur Breaking: चोरी के 6 वाहन सहित उड़ीसा भेजने वाले 2 चोर गिरफ्तार
छग
Raipur. रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट (डीसीपी क्राइम एवं साइबर) की एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट ने चोरी के 06 दोपहिया वाहनों के साथ उड़ीसा भेजने वाले दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध टिकरापारा, गोलबाजार, मौदहापारा, पुरानी बस्ती और आजाद चौक थानों में अलग-अलग अपराध दर्ज हैं। जप्त चोरी की कुल 6 दोपहिया वाहन की अनुमानित कीमत लगभग ₹2,00,000/- है। आरोपी चोरी की वाहनों को उड़ीसा में बेचते थे।
पुलिस ने बताया कि चोरी की घटनाओं के मद्देनजर डीसीपी क्राइम एवं साइबर ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि वे वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाएं और अज्ञात आरोपियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी करें। इसी उद्देश्य से एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने चोरी की घटनाओं के स्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की और मुखबीर की मदद ली। नियमित पेट्रोलिंग, तकनीकी विश्लेषण और सूचना-संग्रह के माध्यम से चोरी की घटनाओं के प्रमुख स्थान चिन्हांकित किए गए।
दिनांक 27 मार्च को विशेष टीम को सूचना मिली कि टिकरापारा क्षेत्रांतर्गत कमल होटल के पास दो व्यक्ति मोटरसाइकिल बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम ने आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की। आरोपियों ने अपना नाम कमलेश साहू और संतोष राजपूत उर्फ कालिया बताया। मोटरसाइकिल के दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया तो आरोपियों ने गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ पर उन्होंने वाहनों को चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर जप्त 06 दोपहिया वाहन में अपराध क्रमांक थाना टिकरापारा 140/26, थाना गोलबाजार 54/26, थाना मौदहापारा 123/21 और 74/23, थाना पुरानी बस्ती 94/26, और थाना आजाद चौक 58/26 शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी कमलेश साहू पूर्व में भी दोपहिया वाहन चोरी और आबकारी एक्ट के प्रकरणों में जेल निरुद्ध रह चुका है। आरोपियों से चोरी की वाहनों को उड़ीसा में बेचने की विस्तृत जानकारी ली जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
कमलेश साहू, पिता स्व. बसंत साहू, उम्र 39 वर्ष, निवासी गंगानगर पाटीदार भवन के पास थाना खमतराई, रायपुर।
संतोष राजपूत उर्फ कालिया, पिता स्व. दिलीप राजपूत, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम गुरूमुख पेपर मील, बारूद फैक्ट्री के पास थाना टिटलागढ़, जिला बलांगीर, उड़ीसा; वर्तमान पता - आमासिवनी गोयल अग्रवाल राईस मील के पास थाना मोवा, रायपुर।
पुलिस ने कहा कि गिरफ्तारी और जप्त वाहन चोरी के मामलों में गंभीर कदम हैं। इसके माध्यम से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश गया है।